आर्यनगर, गोण्डा। ब्लॉक रुपईडीह क्षेत्र के आर्यनगर कस्बे में शुक्रवार को धनतेरस के अवसर पर बाजार में भारी भीड़ देखने को मिली। सुबह से ही कस्बे की दुकानों पर खरीदारों का आना-जाना लगा रहा। धनतेरस को लेकर पूरे बाजार में उत्साह और चहल-पहल का माहौल दिखाई दिया।

इस अवसर पर आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग खरीदारी करने के लिए आर्यनगर कस्बे पहुंचे। बाजार में मां लक्ष्मी और भगवान गणेश सहित विभिन्न देवी-देवताओं की मूर्तियों की दुकानों पर लोगों की भीड़ लगी रही। श्रद्धालुओं ने दीपावली पूजन के लिए अपनी पसंद के अनुसार मूर्तियों की खरीदारी की।

वहीं धनतेरस पर बर्तन खरीदने की परंपरा के चलते बर्तनों की दुकानों पर भी काफी भीड़ रही। लोगों ने पीतल, स्टील सहित अन्य घरेलू उपयोग के बर्तनों की खरीदारी की। दुकानदारों के चेहरों पर भी ग्राहकों की भीड़ देखकर रौनक दिखाई दी।

धनतेरस के त्योहार को लेकर कस्बे का बाजार देर शाम तक गुलजार रहा। चारों तरफ खरीदारी का उत्साह और त्योहार की उमंग देखने को मिली। बाजार में उमड़ी भीड़ से दीपावली पर्व की तैयारियों का उत्साह साफ नजर आया।