प्रतापगढ़। प्रतापगढ़ जनपद में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत संग्रामगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कस्बा संग्रामगढ़ में जुआ खेल रहे छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, कुछ अन्य लोग अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में सफल रहे।
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनन्दन राय एवं क्षेत्राधिकारी लालगंज राजीव द्विवेदी के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी संग्रामगढ़ सिद्धार्थ सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 6 नवंबर 2026 की रात करीब 10 बजकर 30 मिनट पर क्षेत्र में रात्रि गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर छापेमारी की।

इस दौरान पुलिस ने मौके से छह लोगों को हिरासत में लिया। गिरफ्तार आरोपियों में सागर तिवारी, धीरेंद्र कुमार पटेल, गुलशन यादव, हरिलाल पटेल, सागर पटेल और पंकज कौशल शामिल हैं। सभी आरोपी थाना संग्रामगढ़ क्षेत्र के अलग-अलग गांवों एवं कस्बे के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से जुए की फड़ पर रखे 55 हजार 195 रुपये नकद, ताश के दो गड्डी और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

इस मामले में सभी गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ थाना संग्रामगढ़ में मुकदमा अपराध संख्या 214/2026 के तहत सार्वजनिक जुआ अधिनियम की धारा 13 में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक अशू सिंह सेंगर सहित हेड कांस्टेबल विवेक मिश्रा, कांस्टेबल बीरपाल सिंह, शशिकान्त गिरि, अभिनव द्विवेदी, विवेक यादव एवं चालक कांस्टेबल रामनिवास की महत्वपूर्ण भूमिका रही।