प्रतापगढ़। दीपावली का पर्व जहां लोग अपने परिवार और प्रियजनों के साथ खुशियां मनाते हैं, वहीं प्रतापगढ़ के पुलिस अधीक्षक श्री दीपक भूकर ने अपनी पत्नी आईआरएस अदिति मोर के साथ वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों के बीच दीपावली की खुशियां साझा कीं।

इस दौरान एसपी दीपक भूकर एवं उनकी पत्नी ने वृद्धाश्रम में निवासरत बुजुर्ग महिलाओं और पुरुषों से आत्मीय मुलाकात की, उनका कुशलक्षेम जाना और उनके साथ कुछ पल बिताए। उन्होंने वृद्धजनों को दीपावली की मिठाई एवं पूजन सामग्री वितरित कर पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं तथा उनके स्वस्थ, सुखमय और खुशहाल जीवन की कामना की।

इस मुलाकात के दौरान पुलिस अधीक्षक ने बुजुर्गों से उनकी जरूरतों और समस्याओं के बारे में भी जानकारी ली। उनके बीच पहुंचकर एसपी दंपति ने यह संदेश दिया कि त्योहारों की असली खुशी अपनों के साथ-साथ उन लोगों के चेहरों पर मुस्कान लाने में है, जिन्हें स्नेह और अपनत्व की सबसे अधिक आवश्यकता है।

वृद्धाश्रम में इस दौरान खुशियों और आत्मीयता का माहौल देखने को मिला। बुजुर्गों के चेहरों पर मुस्कान और उनके बीच बिताए गए ये पल दीपावली के पर्व को और भी खास बना गए।

प्रतापगढ़ पुलिस की यह पहल सराहनीय संदेश देती है कि पुलिस का दायित्व केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि सामाजिक सरोकारों, मानवीय संवेदनाओं और जरूरतमंदों के सुख-दुख में सहभागी बनना भी है।

सचमुच, दीपावली का असली उजाला तभी है, जब किसी के जीवन में खुशियों की एक नई रोशनी पहुंचाई जाए।