प्रतापगढ़ पट्टी। ऐतिहासिक दशहरा मेला की तैयारियों को लेकर शुक्रवार की शाम 5 बजे पट्टी डाक बंगले पर आवश्यक बैठक आयोजित की गई। रामलीला समिति के अध्यक्ष जुग्गीलाल जायसवाल ,प्रबंधक सुरेश जायसवाल और महामंत्री अशोक श्रीवास्तव की मौजूदगी में हुई बैठक में एसडीएम पट्टी सुनील कुमार, पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रदीप सिंह, पट्टी कोतवाल प्रदीप कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में मेले की सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, बिजली, पेयजल और सड़कों की मरम्मत समेत अन्य जरूरी व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। रामलीला समिति के महामंत्री अशोक श्रीवास्तव ने मेले के दौरान होने वाली समस्याओं और आवश्यकताओं को अधिकारियों के सामने रखा। उन्होंने कहा कि मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और दर्शकों की भीड़ जुटती है। ऐसे में सभी व्यवस्थाएं समय से दुरुस्त होना जरूरी है।

इस पर एसडीएम और सीओ समेत संबंधित विभागों के अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि मेला प्रारंभ होने से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करा दी जाएंगी। बैठक में एसडीओ विद्युत अरुण यादव, पीडब्ल्यूडी और जल निगम विभाग के अधिकारी-कर्मचारी सहित रमेश सोनी,रामप्रकाश जायसवाल, रामचरित्र वर्मा, प्रमोद खंडेलवाल, बृजेश सिंह, चंद्रकेश सिंह, अवधेश सिंह, पवन खंडेलवाल, तरुण पांडेय, समीर समेत तमाम लोग मौजूद रहे।