गोण्डा। गोंडा जिले के गौरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रभात कुमार वर्मा से मुलाकात कर घर लौट रहे एक व्यक्ति से बदमाशों ने 8,800 रुपये छीन लिए। खोड़ारे थाना क्षेत्र के मनीजोत पुलिया के पास बुधवार रात हुई इस वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमें गठित की हैं। एसओजी, स्वाट और सर्विलांस टीम को भी जांच में लगाया गया है।

हरदोई जिले के सधरा निवासी अभय प्रताप सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि चार नवंबर की रात करीब 9:15 से 9:30 बजे के बीच वह विधायक के आवास से लौट रहे थे। इसी दौरान मनीजोत पुलिया के पास अज्ञात लोगों ने उन्हें रोक लिया और उनके पास मौजूद करीब 8,800 रुपये छीनकर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पांच नवंबर को खोड़ारे थाने में मुकदमा अपराध संख्या 0298 दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 304(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पांच टीमों ने शुरू की बदमाशों की तलाश

थाना प्रभारी ज्ञान सिंह के मुताबिक, घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू कर दी। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक प्रवीण सिंह को सौंपी गई है। सीओ मनकापुर उदित नारायण पालीवाल ने बताया कि थाना स्तर पर तीन टीमें गठित की गई हैं। इसके अलावा एसओजी, स्वाट और सर्विलांस टीम को भी लगाया गया है। पुलिस की टीमें अलग-अलग बिंदुओं पर जांच कर रही हैं।

सीओ खुद कर रहे कार्रवाई की निगरानी

सीओ उदित नारायण पालीवाल ने बताया कि घटना को चुनौती के रूप में लिया गया है। वह खुद गठित टीमों की कार्रवाई की लगातार निगरानी कर रहे हैं और पल-पल की जानकारी ले रहे हैं। बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने जल्द ही घटना का खुलासा करने और आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है।