आर्यनगर, गोण्डा। थाना कौड़िया क्षेत्र के आर्यनगर पुलिस चौकी पर दीपावली एवं लक्ष्मी पूजा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से चौकी प्रभारी अमन कनौजिया के नेतृत्व में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूजा समितियों के पदाधिकारियों एवं स्थानीय लोगों को सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक को संबोधित करते हुए चौकी प्रभारी अमन कनौजिया ने कहा कि मूर्ति स्थापना के स्थान पर दीपक एवं अगरबत्ती जलाने के लिए सुरक्षित व्यवस्था रखें। इसके लिए पत्थर या अन्य अग्निरोधक सामग्री का प्रयोग करें। पंडाल में टेंट की ऊंचाई पर्याप्त रखी जाए, जिससे आरती के दौरान आग लगने जैसी किसी भी अप्रिय घटना की आशंका न रहे।

उन्होंने कहा कि पूजा के दौरान मूर्ति को कभी अकेला न छोड़ें, ताकि अराजक तत्वों द्वारा किसी प्रकार की छेड़छाड़ या नुकसान न पहुंचाया जा सके। मूर्ति विसर्जन के दौरान भी विशेष सतर्कता बरतें। निर्धारित एवं सुरक्षित रास्ते से ही विसर्जन यात्रा निकालें और यातायात व्यवस्था का ध्यान रखते हुए शांतिपूर्ण ढंग से विसर्जन संपन्न कराएं।
चौकी प्रभारी ने लोगों से आपसी भाईचारे, सौहार्द एवं शांति के साथ त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस प्रशासन हर समय जनता की सेवा और सुरक्षा के लिए तत्पर है। किसी भी समस्या या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।