नई दिल्ली। दिल्ली में INDIA गठबंधन की रैली में शामिल नहीं होने को लेकर इंडियन यूथ कांग्रेस ने सात राज्यों के कम से कम 185 सदस्यों को निलंबित कर दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अब तक 200 से अधिक सदस्यों के खिलाफ कार्रवाई हो चुकी है। अनुशासनात्मक समीक्षा पूरी होने के बाद यह संख्या 500 तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
इस कार्रवाई को लेकर यूथ कांग्रेस के कुछ नेताओं में नाराजगी सामने आई है। महासचिव पद से हटाए गए रोहित राजोरिया ने संगठन के फैसले पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने पार्टी के लिए 15 वर्षों तक काम किया और इस दौरान 15 एफआईआर का सामना भी किया, इसके बावजूद केवल एक रैली में शामिल नहीं होने के कारण उन्हें पद से हटा दिया गया।
चाचा की तेरहवीं में शामिल होने के कारण नहीं पहुंचे दिल्ली
रोहित राजोरिया के मुताबिक, वह 1 नवंबर को पारिवारिक कारणों से दिल्ली में आयोजित रैली में शामिल नहीं हो सके थे। उन्होंने बताया कि उस दिन उनके चाचा की तेरहवीं थी, जिसके चलते उनका दिल्ली पहुंचना संभव नहीं हो पाया।
रैली में अनुपस्थिति को लेकर की गई कार्रवाई के बाद संगठन के भीतर अनुशासन और कार्यकर्ताओं के प्रति फैसलों को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। फिलहाल निलंबित सदस्यों की अंतिम संख्या और आगे की कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।