गोण्डा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को गोंडा में आयोजित जनसभा के दौरान समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने सपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के लिए समाजवादी पार्टी श्राप है। जब भी यह पार्टी सत्ता में आई, प्रदेश में तबाही मचाई। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा का पर्याय आस्था है, जबकि सपा और कांग्रेस का मतलब अपराध से है।

मुख्यमंत्री गोंडा के गौरा विधानसभा क्षेत्र में 520.84 करोड़ रुपये की लागत वाली 69 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम के अवसर पर जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने 12 लाभार्थियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत लाभ भी वितरित किया।

योगी आदित्यनाथ ने पिछली सरकारों और वर्तमान सरकार के कार्यकाल की तुलना करते हुए कहा कि पहले प्रदेश में सड़कों की हालत खराब थी और विकास की गति धीमी थी। भाजपा सरकार ने प्रदेश में विकास को नई गति दी है। उन्होंने अयोध्या में राममंदिर और दीपोत्सव का उल्लेख करते हुए कहा कि दीपोत्सव की रोशनी अब गोंडा सहित पूरे देवीपाटन मंडल में विकास की नई उम्मीद जगा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों को बढ़ावा देने के साथ प्रदेश के बुनियादी ढांचे को भी मजबूत कर रही है। उन्होंने विकास योजनाओं, रोजगार और किसानों के हित में किए जा रहे कार्यों का भी जिक्र किया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता प्रदान करते हुए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

मुख्यमंत्री के इस संबोधन को आगामी राजनीतिक माहौल के बीच सपा और कांग्रेस पर भाजपा के तीखे हमले के रूप में देखा जा रहा है।