रुपईडीह, गोण्डा। आर्यनगर-महाराजगंज मार्ग से होकर दर्जनों ग्राम पंचायतों को जोड़ने वाले तेंदुआ ग्राम पंचायत के संपर्क मार्ग की स्थिति बेहद जर्जर हो गई है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। जलनिकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से मार्ग पर हमेशा जलभराव और कीचड़ की स्थिति बनी रहती है। इससे राहगीरों और ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग के निर्माण और मरम्मत की मांग को लेकर कई बार जिले के उच्चाधिकारियों से लेकर क्षेत्रीय विधायक तक शिकायत की गई, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। सड़क की बदहाल स्थिति के कारण आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों और स्कूली बच्चों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

इस संबंध में अवर अभियंता उपेंद्र सिंह ने बताया कि मार्ग का निरीक्षण कराया जा रहा है। यदि सड़क उनके विभाग के अंतर्गत आती है तो जल्द ही उसके निर्माण की कार्रवाई कराई जाएगी।
वहीं ग्रामीण शालिक राम,श्रवण कुमार, मोनू वर्मा, ननके सहित कई लोगों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि लंबे समय से शिकायत करने के बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं कराई जा रही है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही मार्ग का निर्माण नहीं कराया गया तो वे धरना-प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे।
रिपोर्टः श्री प्रकाश शुक्ला (ब्लॉक संवाददाता, रूपईडीह)