विशेश्वरगंज, बहराइच। विशेश्वरगंज बाजार में सोमवार दोपहर करीब 2:45 बजे एक अनियंत्रित ब्रेजा कार सिमरन ऑटो गैराज में घुस गई। हादसे में दुकान पर बैठे दो लोग घायल हो गए, जबकि आसपास मौजूद कई अन्य लोग बाल-बाल बच गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ब्रेजा कार विशेश्वरगंज बाजार से बस स्टॉप की ओर जा रही थी। इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित सिमरन ऑटो गैराज में जा घुसी। हादसे के समय गैराज में बैठे दो लोग इसकी चपेट में आकर घायल हो गए।

घायलों की पहचान अर्जुन प्रसाद (65) पुत्र चुरू लाल, निवासी रनियापुर गोबरही, थाना विशेश्वरगंज तथा गोपाल (45) पुत्र मनीराम, निवासी ग्राम पंचायत मनिकापुर रानी पुरवा, थाना पयागपुर के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया। वहीं, दोनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।

सिमरन ऑटो गैराज के संचालक सरदार जसपाल सिंह के मुताबिक, हादसे के समय वह दुकान पर बैठकर वाहनों की मरम्मत का काम कर रहे थे। तभी अचानक ब्रेजा कार अनियंत्रित होकर दुकान में घुस गई।
फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
रिपोर्ट: अरविन्द गुप्ता