गोण्डा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार की विकास उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए गोंडा जनपद को बड़ी सौगात दी। उन्होंने मनकापुर और गौरा विधानसभा क्षेत्रों में ₹520 करोड़ से अधिक की लागत वाली 69 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। दीपावली से पहले मिली इन परियोजनाओं को जनपद के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में डबल इंजन सरकार ने अकेले गोंडा जनपद के लिए ₹16,000 करोड़ से अधिक और पूरे देवीपाटन मंडल के लिए लगभग ₹50,000 करोड़ की विकास परियोजनाएं स्वीकृत की हैं। उन्होंने कहा कि सरकार क्षेत्र के विकास और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र, स्वीकृति-पत्र और आयुष्मान कार्ड वितरित किए। इसके साथ ही पात्र लाभार्थियों को आवास एवं ट्रैक्टर की चाबियां और चेक भी प्रदान किए गए।

मुख्यमंत्री ने माँ बाराही देवी और बाबा पृथ्वीनाथ की पावन भूमि गोंडा के लोगों को दीपावली से पूर्व विकास परियोजनाओं की सौगात मिलने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इन परियोजनाओं से मनकापुर और गौरा विधानसभा क्षेत्रों सहित जिले के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री एवं गोंडा के सांसद श्री कीर्तिवर्धन सिंह (राजा भैया), विधायक तरबगंज श्री प्रेम नरायन पाण्डेय, विधायक मनकापुर श्री रमापति शास्त्री, विधायक गौरा श्री प्रभात वर्मा, विधायक मेहनौन श्री विनय कुमार द्विवेदी, विधायक करनैलगंज श्री अजय सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री अकबाल बहादुर तिवारी, विधान परिषद सदस्य श्री अवधेश सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री घनश्याम मिश्रा सहित पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।