गोण्डा। जिले के झंझरी विकासखंड की नवीन गल्ला मंडी में धान की खरीद शुरू हो गई है। खरीद मार्च 2027 तक चलेगी। जिला प्रशासन और विपणन विभाग मिलकर यह प्रक्रिया चला रहे हैं।

सामान्य धान का भाव 2,441 रुपए और उच्च कोटि के धान का भाव 2,461 रुपए तय किया गया है। मंडी में किसानों के बैठने के लिए छायादार जगह, पीने का पानी और धान की छनाई व तौल के लिए इलेक्ट्रॉनिक कांटों की व्यवस्था की गई है।

धान बेचने के लिए किसानों को खाद्य एवं रसद विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कराना होगा। मंडी सचिव और क्रय केंद्र प्रभारियों ने किसानों से धान मंडी लाने से पहले अच्छी तरह सुखाने को कहा है, ताकि नमी तय मानक के अनुसार रहे और तौल में दिक्कत न हो।

भुगतान सीधे किसानों के बैंक खातों में डीबीटी के जरिए भेजा जाएगा।

रिपोर्ट: आदर्श पांडेय (ब्लॉक संवाददाता, झंझरी)