गोण्डा। नगर कोतवाली क्षेत्र के लक्ष्मणपुर हरिवंश गांव में बिजली विभाग की कथित लापरवाही के चलते एक भैंस की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद पशुपालक ने बिजली विभाग के खिलाफ नगर कोतवाली में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम राजेश मिश्रा अपनी भैंस चरा रहे थे। इसी दौरान बारिश के कारण एक घर के पास स्थित खाली प्लॉट में पानी भरा हुआ था। प्लॉट में बिजली का टूटा हुआ केबल पड़ा था, जिसमें करंट प्रवाहित हो रहा था। पानी में पहुंचते ही भैंस बिजली के तार की चपेट में आ गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, जिस घर के पास यह हादसा हुआ, उसमें कोई नहीं रहता है। बिजली का केबल कई दिनों से टूटा पड़ा था। ग्रामीणों का दावा है कि इसकी सूचना भी दी गई थी, लेकिन समय रहते तार को ठीक नहीं कराया गया।
घटना के बाद राजेश मिश्रा ने डायल 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची नगर कोतवाली पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू की। इसके बाद पशुपालक ने कोतवाली पहुंचकर बिजली विभाग के खिलाफ लिखित तहरीर दी।
फिलहाल नगर कोतवाली पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे के बाद ग्रामीणों ने खुले और टूटे बिजली तारों को तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
रिपोर्टः आदर्श पांडेय (ब्लॉक संवाददाता, झंझरी)