गोंडा। भारत रत्न एवं लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती जनपद में धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
सपा नेताओं ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया नमन
कार्यक्रम के दौरान सपा नेता सूरज सिंह और श्रावस्ती विधानसभा क्षेत्र के भावी प्रत्याशी मसूद आलम खान ने सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। वहीं मेहनौन विधानसभा क्षेत्र के सपा भावी प्रत्याशी कमलेश निरंजन वर्मा तथा पूर्व एसपी महेंद्र कुमार वर्मा ने भी पुष्प अर्पित कर लौह पुरुष को श्रद्धांजलि दी।

जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्रावस्ती सांसद राम शिरोमणि वर्मा रहे। सह मुख्य अतिथि के रूप में व्यवसायी एवं समाजसेवी महेश्वरी प्रसाद वर्मा तथा सपा जिलाध्यक्ष अरशद हुसैन शामिल रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व पीपीएस अधिकारी महेंद्र कुमार और सपा नेता सूरज सिंह को आमंत्रित किया गया था।

राष्ट्र की एकता और अखंडता में पटेल का योगदान याद किया
इस अवसर पर वक्ताओं ने सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन, संघर्ष और राष्ट्र निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि देश की रियासतों का एकीकरण कर सरदार पटेल ने भारत की एकता और अखंडता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनके दृढ़ नेतृत्व और दूरदर्शिता के कारण ही उन्हें लौह पुरुष के रूप में जाना जाता है।
कार्यक्रम के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारे का संदेश दिया गया। इस दौरान समाजवादी पार्टी के तमाम पदाधिकारी, कार्यकर्ता और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।