बभनजोत (गोंडा)। राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता के प्रतीक भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती शुक्रवार को विधानसभा गौरा के विकासखंड बभनजोत अंतर्गत ग्राम पंचायत कुकनगर ग्रांट स्थित पटेल नगर चौराहा पर धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि नीरज पटेल ने सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके योगदान को याद किया।
इस दौरान नीरज पटेल ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनका अदम्य साहस, दृढ़ संकल्प और राष्ट्र के प्रति समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके आदर्शों को आत्मसात कर एक सशक्त, समृद्ध और एकजुट भारत के निर्माण में योगदान देना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने सरदार पटेल के विचारों और आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। इस मौके पर अपना दल (एस) के अभिमन्यु पटेल, राम पुजारी वर्मा, भाजपा मंडल अध्यक्ष पप्पू शुक्ल, मधुप सिंह, ग्राम प्रधान रक्षा राम चौहान, ग्राम प्रधान रिसियावन चौहान और पूर्व प्रधान सूर्य कुंवर वर्मा सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।