बभनजोत (गोंडा)। क्षेत्र में लगातार 30 घंटे से अधिक समय तक हुई बारिश ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। खेतों में पानी भरने और तेज बारिश के चलते धान की खड़ी फसल गिरकर पानी में डूब गई है। वहीं, बारिश के कारण सरसों की बोआई भी प्रभावित हुई है। ऐसे में इस बार रबी की फसल की बुवाई में देरी होने की आशंका जताई जा रही है।

क्षेत्र के किसान भानके ने बताया कि उन्होंने सरसों की बुवाई की थी, लेकिन इसके बाद लगातार बारिश होने से उनकी सरसों की खेती बर्बाद हो गई। वहीं, किसान राजेश कुमार की खेत में खड़ी धान की फसल बारिश के चलते गिर गई और पानी में डूब गई है। किसान अंग्रेस कुमार की भी करीब दो बीघा पकी हुई धान की फसल गिरकर पानी में डूब गई है। इससे उन्हें भारी नुकसान की आशंका है।

किसानों के मुताबिक, क्षेत्र में अभी करीब 60 प्रतिशत धान की फसल की कटाई बाकी है। ऐसे में लगातार बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में पानी भरा होने के कारण फसल की कटाई करना भी मुश्किल हो गया है। यदि मौसम जल्द साफ नहीं हुआ तो खेतों में गिरी धान की फसल के दाने खराब होने और उत्पादन में कमी आने की आशंका है।

लगातार बारिश से खरीफ की धान की फसल के साथ ही रबी सीजन की तैयारियां भी प्रभावित हो रही हैं। किसानों को आशंका है कि खेतों में जलभराव के कारण सरसों समेत अन्य रबी फसलों की बुवाई समय से नहीं हो पाएगी। किसानों ने प्रशासन से फसलों को हुए नुकसान का सर्वे कराकर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।