गोण्डा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का 2 नवंबर को गोण्डा जनपद आगमन का कार्यक्रम तय हो गया है। मुख्यमंत्री जिले की गौरा विधानसभा क्षेत्र स्थित तेजपुर सिंगार घाट मैदान में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। उनके आगमन को लेकर क्षेत्र में तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

कई सप्ताह से चल रही जनसभा की तैयारियां

इस संबंध में जानकारी देते हुए ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि नीरज पटेल ने बताया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर जनसभा स्थल पर पिछले कई सप्ताह से तैयारियां की जा रही हैं। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। गौरा विधानसभा क्षेत्र के साथ-साथ आसपास के जनपदों से भी बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

विकास परियोजनाओं को लेकर जनता को करेंगे संबोधित
नीरज पटेल के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जनसभा के माध्यम से क्षेत्र की जनता को संबोधित करेंगे और विकास परियोजनाओं से जुड़े विषयों पर अपनी बात रखेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह देखा जा रहा है।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन अलर्ट
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम को व्यवस्थित और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन के साथ लगातार बैठकें की जा रही हैं। वहीं, कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर लोगों को जनसभा में आमंत्रित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नीरज पटेल ने क्षेत्र के सभी लोगों से अपील की है कि वे 2 नवंबर को अधिक से अधिक संख्या में तेजपुर सिंगार घाट मैदान पहुंचकर मुख्यमंत्री की जनसभा में सहभागिता करें।