गोण्डा, 31 अक्टूबर। विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027 के अंतर्गत युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग की ओर से शनिवार को टाउन हॉल गोण्डा में जनपद स्तरीय कल्चरल ट्रैक (युवा उत्सव) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की थीम ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ रखी गई। इसका उद्देश्य युवाओं को नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने के साथ उनकी सांस्कृतिक प्रतिभा को मंच प्रदान करना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा जिला महामंत्री रंजीत बाबा कश्यप ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर भाजपा जिला मंत्री दीपक गुप्ता, संदीप मेहरोत्रा, मनीष द्विवेदी तथा राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. सुधीर पांडेय अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

पांच विधाओं में युवाओं ने दिखाई प्रतिभा

युवा उत्सव में जनपद के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थियों सहित स्थानीय प्रतिभागियों ने पांच विधाओं में हिस्सा लिया। कविता लेखन प्रतियोगिता में आस्था द्विवेदी ने प्रथम, कशिश राय ने द्वितीय और हर्षिता सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। चित्रकारी प्रतियोगिता में आयुषी गुप्ता प्रथम, ज्योति शर्मा द्वितीय और अलमता तृतीय स्थान पर रहीं।

लोकनृत्य समूह प्रतियोगिता में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज गोण्डा की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं नुक्कड़ नाटक में सरयू प्रसाद बालिका इंटर कॉलेज तथा लोकगीत प्रतियोगिता में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज गोण्डा की टीम विजेता रही।

मंडल स्तर पर प्रतिभा दिखाएंगे विजेता

जनपद स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को मंडल स्तरीय युवा उत्सव में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा। समापन समारोह में एमएलसी अजीत सिंह के प्रतिनिधि, एलबीएस महाविद्यालय गोण्डा के प्राचार्य एवं प्रभारी जिला युवा कल्याण अधिकारी पंकज तिवारी ने विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया।

प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में मांडवी तिवारी, शेफाली पांडेय और अभिजीत कुमार सिंह सहित अन्य सदस्य शामिल रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी आयुषी वर्मा, कुलदीप यादव, प्रिया यादव, आयुष कुमार एवं वरिष्ठ सहायक उषा कुमारी का विशेष सहयोग रहा।

कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को नशामुक्त समाज के निर्माण और विकसित भारत के संकल्प में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया गया।

रिपोर्टः आदर्श पांडेय (ब्लॉक संवाददाता, झंझरी)