लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने विधान परिषद चुनाव के परिणामों को भाजपा के लिए बड़ा राजनीतिक झटका बताते हुए कहा कि यह परिणाम केवल शुरुआत है। भाजपा फ्लॉप शो बन गई है। चुनाव में भाजपा पांच सीटों के साथ पचास जिलों और शहरों में हारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने चुनाव जीतने के लिए सत्ता का दुरुपयोग किया और रातभर धांधली का प्रयास किया, जिसके कारण आम जनता के बीच भाजपा की बेईमान और धोखा देने वाली पार्टी की छवि बनी है।

शुक्रवार, 30 अक्टूबर 2026 को लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में नवनिर्वाचित विधान परिषद सदस्यों और प्रत्याशियों से मुलाकात एवं स्वागत के बाद आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा छह सीटें छल से जीती है, जबकि समाजवादी पार्टी जनता के बल पर जीती है। यदि भाजपा सरकार ने छल नहीं किया होता तो वह छह सीटें भी नहीं जीत पाती। भाजपा के पास धनबल है तो समाजवादी पार्टी के पास जनबल है।

पीडीए की ताकत मजबूत कर सामाजिक न्याय की लड़ाई लड़ेगी सपा

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी इसी मेहनत और लगन के साथ पीडीए की ताकत को और मजबूत करेगी। बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर द्वारा दिए गए संविधान के अनुसार सामाजिक न्याय की स्थापना और लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए पार्टी लगातार संघर्ष करती रहेगी।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि चुनाव परिणाम के बाद धूमधाम की तैयारी करने वाले धड़ाम से गिर गए। गोरखपुर में समाजवादी पार्टी को हराते-हराते मुख्यमंत्री ने भाजपा का काम तमाम कर दिया।

अलग-अलग सामाजिक वर्गों का सपा से जुड़ना बताया बड़ी उपलब्धि

सपा प्रमुख ने कहा कि विधान परिषद चुनाव के परिणामों से भाजपा का पूरा गणित गड़बड़ा गया है। समाजवादी पार्टी के साथ संजय त्रिपाठी और डॉ. आकाश अग्रवाल जैसे नेता हैं। वैश्य समाज सपा से जुड़ा है। आधी आबादी का प्रतिनिधित्व करने वाली कांती सिंह पार्टी के साथ हैं। आशुतोष सिन्हा के माध्यम से कायस्थ समाज का समर्थन मिला है। लाल बिहारी यादव पहले से ही पार्टी की ताकत रहे हैं, जबकि डॉ. मान सिंह यादव ने भारी मतों से जीतकर पार्टी का मान बढ़ाया है।

वाराणसी में डबल इंजन की हार पर अखिलेश का तंज

अखिलेश यादव ने कहा कि वाराणसी के लोगों ने चुनाव में डबल इंजन सरकार को काशी में डुबो दिया है। वहीं आगरा से डॉ. आकाश अग्रवाल की जीत को उन्होंने समाजवादी पार्टी के लिए उपहार बताया।

गोरखपुर में पार्टी प्रत्याशी डॉ. संजय त्रिपाठी की हार पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के गोरखधंधे के कारण संजय त्रिपाठी जीत नहीं पाए। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के सभी प्रत्याशियों ने मजबूती से चुनाव लड़कर यह संदेश दिया है कि लोकतंत्र को कभी खत्म नहीं होने दिया जाएगा और जनता की आवाज को मजबूत किया जाएगा।

नवनिर्वाचित MLC और कार्यकर्ताओं का जताया आभार

इससे पहले सभी नवनिर्वाचित विधान परिषद सदस्यों ने अखिलेश यादव से मुलाकात कर उनका आभार प्रकट किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सभी सदस्यों को जीत की बधाई दी और मतदाताओं का धन्यवाद किया। उन्होंने चुनाव में संघर्ष करने वाले, मतदाताओं के बीच पहुंचने वाले तथा मतगणना के दौरान पूरी रात डटे रहने वाले नेताओं और कार्यकर्ताओं की सराहना की।

इस अवसर पर वाराणसी शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से नवनिर्वाचित एमएलसी लाल बिहारी यादव, इलाहाबाद-झांसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. मान सिंह यादव, लखनऊ स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से कांती सिंह, वाराणसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से आशुतोष सिन्हा और आगरा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. आकाश अग्रवाल मौजूद रहे। गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्याशी रहे संजय त्रिपाठी ने भी राष्ट्रीय अध्यक्ष का धन्यवाद करते हुए प्रदेश के मतदाताओं, पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों के प्रति आभार जताया।

सपा ने विधान परिषद चुनाव में मिली सफलता को पीडीए की एकजुटता और जनता के समर्थन की जीत बताया है। अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए संकेत दिया कि पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में भी इसी संगठनात्मक मजबूती के साथ मैदान में उतरेगी।