कटरा बाजार (गोण्डा)। विधानसभा क्षेत्र कटरा बाजार के दुबहा बाजार जोन अंतर्गत कटुवानाला एवं नरायनपुर कला सेक्टर के बूथों की संयुक्त बैठक जनता विद्यालय रायपुर में आयोजित की गई। बैठक में समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक बैजनाथ दूबे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में एकजुट होकर पार्टी को मजबूत बनाने तथा कटरा बाजार में बदलाव लाने का संकल्प लिया।

बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक बैजनाथ दूबे ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान सरकार में आम जनता, किसान, मजदूर और छोटे व्यापारी परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि गरीबों की समस्याओं को सुनने वाला कोई नहीं है और लोगों पर फर्जी मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। उन्होंने अपने विधायक कार्यकाल में क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी उनके लिए मां समान है और कार्यकर्ता व क्षेत्र की जनता उनके परिवार का हिस्सा हैं। उन्होंने सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की समानता आधारित विचारधारा को भी रेखांकित किया।

विशिष्ट अतिथि सपा विधानसभा अध्यक्ष वकार खां ने कहा कि चुनाव हारने के बाद भी बैजनाथ दूबे लगातार क्षेत्र की जनता के बीच सक्रिय रहे और लोगों के सुख-दुख में शामिल होते रहे। उन्होंने विश्वास जताया कि 2027 में बैजनाथ दूबे कटरा बाजार से विधायक बनेंगे और क्षेत्र में फिर से विकास की गति तेज होगी।

सपा नेता विनोद शुक्ला ने अपने संबोधन में कहा, “हम सभी लोग बैजनाथ दूबे जी के साथ हैं। इस बार कटरा में परिवर्तन निश्चित है।” उन्होंने कहा कि पार्टी में बैजनाथ दूबे वरिष्ठ नेता हैं और सभी कार्यकर्ता उनके मार्गदर्शन में आगामी चुनाव की तैयारी करेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि उनके समर्थक और सपा कार्यकर्ता कंधे से कंधा मिलाकर पार्टी को मजबूत बनाने में जुटेंगे।

जिला उपाध्यक्ष अधिवक्ता सभा अरविंद शुक्ला ने भी भाजपा विधायक पर निशाना साधते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता इस बार बदलाव के मूड में है और 2027 में बैजनाथ दूबे को जिताकर अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प ले चुकी है।

कार्यक्रम को रामकुमार शुक्ला, लेखराज यादव, अशोक तिवारी और जिला पंचायत सदस्य रूप नारायण प्रजापति सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं आयोजन की जिम्मेदारी पूर्व प्रधान राम प्रकाश पाण्डेय ने निभाई, जबकि संचालन सपा सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के विधानसभा अध्यक्ष अर्जुन प्रसाद गोस्वामी ने किया।

बैठक में भगवान प्रसाद दीक्षित, संतोष शुक्ला, पप्पू शुक्ला, मुन्ना सिंह, हृदय राम यादव, राजन तिवारी, कपिल दूबे, लल्लन शुक्ला, सत्यप्रकाश मिश्रा, फतेह बहादुर सिंह, रामनाथ चौधरी, वीरेंद्र गौतम, राम बहादुर शुक्ला, अयोध्या प्रसाद यादव, सूर्य प्रकाश गुप्ता, विपिन सिंह, विजय यादव, अखंड प्रताप सिंह, प्रमोद यादव, गुरु वचन, दुखहरन मिश्रा, हरिओम तिवारी, अजय तिवारी सहित बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।