नवाबगंज, गोण्डा। नवाबगंज क्षेत्र स्थित नंदिनी नगर महाविद्यालय में दो दिवसीय उत्तर प्रदेश छात्र संसद का आयोजन किया जा रहा है। 2 और 3 नवंबर को आयोजित इस कार्यक्रम में देश के विभिन्न प्रांतों से आए 200 से अधिक छात्र-छात्राएं हिस्सा ले रहे हैं। सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं से मुलाकात कर उनके विचारों और अनुभवों पर संवाद किया।

कार्यक्रम के अंतर्गत ‘प्राइड ऑफ इंडिया अवार्ड’ समारोह भी आयोजित किया जा रहा है। छात्र संसद के मंच पर देश के युवा विभिन्न राष्ट्रीय और समसामयिक विषयों पर चर्चा करेंगे तथा राष्ट्र के वर्तमान और भविष्य से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार साझा करेंगे। इसका उद्देश्य युवाओं को विचार व्यक्त करने, संवाद करने और राष्ट्रीय विषयों पर अपनी समझ विकसित करने का अवसर देना है।

इस दौरान बृजभूषण शरण सिंह ने युवाओं के उत्साह, सकारात्मक सोच और प्रतिभा की सराहना की। उन्होंने युवा शक्ति को देश का भविष्य बताते हुए कहा कि युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और संकल्प ही विकसित भारत के निर्माण की मजबूत नींव हैं।

महाविद्यालय प्रशासन की ओर से कार्यक्रम में शामिल होने वाले छात्र-छात्राओं के ठहरने सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। महाविद्यालय के डॉ. नवीन सिंह के अनुसार, आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और विभिन्न राज्यों से आने वाले प्रतिभागियों के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं।

दो दिनों तक चलने वाला यह आयोजन युवाओं के बीच विचारों के आदान-प्रदान और राष्ट्रीय विषयों पर सार्थक चर्चा का मंच बन रहा है।