नोएडा। पूर्व भाजपा सांसद एवं वरिष्ठ नेता बृजभूषण शरण सिंह को उनकी बेटी शालिनी सिंह ने जन्मदिन से पहले खास तोहफा दिया है। उन्होंने नोएडा में एक नवनिर्मित हेलीपैड बनवाकर अपने पिता को जन्मदिन के उपहार के रूप में भेंट किया। रविवार शाम करीब पांच बजे बृजभूषण शरण सिंह ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने के बाद नारियल फोड़कर हेलीपैड का उद्घाटन किया।
बृजभूषण शरण सिंह का जन्मदिन 8 जनवरी 2027 को है। उनकी बेटी शालिनी सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि उन्होंने अपने पिता को नोएडा में नवनिर्मित हेलीपैड जन्मदिन के उपहार स्वरूप भेंट किया है।
'पापा ने मुझे इस काबिल बनाया कि आज उन्हें कुछ दे सकूं'
शालिनी सिंह ने कहा कि उनके पिता ने बचपन से ही उन्हें बहुत प्यार दिया और हमेशा उपहार देते रहे। उन्होंने कहा, "पापा ने मुझे इस काबिल बनाया कि आज मैं उन्हें कुछ देने की स्थिति में हूं। इसलिए मैंने सोचा कि उनके जन्मदिन से पहले ही उन्हें यह खास तोहफा दूं।"
उन्होंने बताया कि यह हेलीपैड उनके पिता के लिए गोंडा से नोएडा आने-जाने में मददगार साबित होगा। शालिनी ने कहा कि उनके पिता ने हमेशा उनका साथ दिया है और उनके योगदान की जितनी सराहना की जाए, कम है।

हेलीपैड की लागत बताने से किया इनकार
हेलीपैड की लागत के सवाल पर शालिनी सिंह ने कहा कि वह इसकी कीमत नहीं बताना चाहतीं, क्योंकि उपहार में दी गई चीज का मोल नहीं बताया जाता। हालांकि, जानकारों के मुताबिक, इसके निर्माण पर करीब 50 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। हेलीपैड के लिए इस्तेमाल की गई जमीन की कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है।
नोएडा में रहेगा एक हेलिकॉप्टर
बताया जा रहा है कि बृजभूषण शरण सिंह के पास कुल तीन हेलिकॉप्टर हैं। इनमें से एक हेलिकॉप्टर नोएडा स्थित इस हेलीपैड पर रहने की बात कही जा रही है। इससे उनके नोएडा और गोंडा के बीच आवागमन में सुविधा होगी।
शालिनी सिंह वर्तमान में नोएडा सिटीजन फोरम की कार्यकारी अध्यक्ष हैं। वह नोएडा में भाजपा कार्यकर्ता के रूप में भी सक्रिय हैं। पिता को जन्मदिन से पहले दिया गया यह अनोखा तोहफा अब चर्चा का विषय बना हुआ है।