गोण्डा। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। भाजपा, सपा, कांग्रेस और बसपा समेत सभी प्रमुख दलों ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नवंबर महीने में तीन बार गोण्डा का दौरा करेंगे। इन दौरों के दौरान मुख्यमंत्री अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में जनसभाओं को संबोधित करने के साथ करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित तीनों दौरों को जिले की राजनीतिक और विकास संबंधी गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इन कार्यक्रमों के जरिए जिले की सात विधानसभा सीटों में से प्रमुख क्षेत्रों पर फोकस किया जाएगा।

पहला दौरा: सिंगारघाट में गौरा-मनकापुर की संयुक्त जनसभा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गोंडा दौरे की शुरुआत सोमवार से होगी। पहला कार्यक्रम गौरा विधानसभा क्षेत्र के सिंगारघाट में आयोजित किया जाएगा। यहां मुख्यमंत्री गौरा और मनकापुर विधानसभा क्षेत्रों की संयुक्त जनसभा को संबोधित करेंगे।

इस दौरान क्षेत्र के लिए विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी प्रस्तावित है। राजनीतिक दृष्टि से गौरा विधानसभा क्षेत्र में कुर्मी मतदाताओं की अच्छी संख्या को देखते हुए इस दौरे को सामाजिक और राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है।

दूसरा दौरा: परासराय में गोंडा सदर-मेहनौन की सभा

मुख्यमंत्री का दूसरा दौरा दीपावली के बाद प्रस्तावित है। इसके तहत इटियाथोक के पास स्थित परासराय गांव में गोंडा सदर और मेहनौन विधानसभा क्षेत्रों की संयुक्त जनसभा आयोजित की जाएगी।

इस क्षेत्र में ब्राह्मण, पिछड़े और मुस्लिम मतदाताओं की अच्छी संख्या है। ऐसे में मुख्यमंत्री की यह जनसभा राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया जा सकता है।

तीसरा दौरा: नवाबगंज में आयुष विश्वविद्यालय के शिलान्यास की चर्चा

मुख्यमंत्री का तीसरा प्रस्तावित दौरा तरबगंज विधानसभा क्षेत्र में होगा। इसके लिए नवाबगंज थाने के पास बड़े स्तर पर जनसभा आयोजित करने की तैयारी है।

सूत्रों के मुताबिक, इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री क्षेत्र को आयुष विश्वविद्यालय की सौगात दे सकते हैं। इसके शिलान्यास की भी संभावना जताई जा रही है। हालांकि, विश्वविद्यालय के शिलान्यास को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

भाजपा जिलाध्यक्ष ने तीन दौरों की पुष्टि की

भाजपा जिलाध्यक्ष अकबाल बहादुर तिवारी ने बताया कि नवंबर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के तीन दौरे प्रस्तावित हैं। पहले दौरे की शुरुआत सोमवार से होगी, जिसमें मुख्यमंत्री गौरा विधानसभा क्षेत्र में गौरा और मनकापुर की संयुक्त जनसभा को संबोधित करेंगे।

उन्होंने बताया कि दीपावली के बाद मुख्यमंत्री का दूसरा दौरा होगा, जिसमें वह गोंडा सदर और मेहनौन विधानसभा क्षेत्रों की संयुक्त जनसभा को संबोधित करेंगे। तीसरे दौरे में मुख्यमंत्री तरबगंज विधानसभा क्षेत्र में कार्यक्रम करेंगे।

अकबाल बहादुर तिवारी के अनुसार, पहले दौरे का कार्यक्रम सोमवार को निर्धारित है, जबकि दूसरे और तीसरे दौरे की तारीखें अभी तय नहीं हुई हैं। हालांकि, दोनों कार्यक्रमों का आयोजन निश्चित है। उन्होंने बताया कि दीपावली के बाद होने वाले कार्यक्रमों के लिए दोनों स्थानों पर आयोजन स्थल तैयार हैं।

2027 चुनाव से पहले जिले की राजनीति में बढ़ेगी हलचल

नवंबर में मुख्यमंत्री के प्रस्तावित तीन दौरों को 2027 विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा की राजनीतिक और संगठनात्मक तैयारियों के लिहाज से भी देखा जा रहा है। इन जनसभाओं के जरिए मुख्यमंत्री जिले के प्रमुख विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचकर जनता से संवाद करेंगे और विकास परियोजनाओं के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों को सामने रखेंगे।

अब जिले के राजनीतिक गलियारों में मुख्यमंत्री के इन तीनों दौरों और संभावित विकास घोषणाओं को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

रिपोर्टः आदर्श पांडेय (ब्लॉक संवाददाता, झंझरी)