लखनऊ। प्रकृति संरक्षण, जल संवर्धन और पर्यावरण के प्रति जनजागरूकता का संदेश लेकर निकली ‘प्रकृति पथ यात्रा’ के साइकिल यात्रियों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास पर सम्मानित किया। सुबह 9:30 बजे आयोजित विशेष मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने यात्रियों से उनके अनुभवों और यात्रा के उद्देश्यों पर चर्चा की। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को निरंतर आगे बढ़ाने पर जोर देते हुए कहा कि पौधारोपण और जल संरक्षण को विकास की प्राथमिकताओं में शामिल करना जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण और पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखना विकास की महत्वपूर्ण शर्त है। विकास की प्रक्रिया में प्रकृति और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी को भी प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
डॉ. अनिल प्रकाश जोशी ने साझा किए यात्रा के अनुभव
पद्मभूषण से सम्मानित पर्यावरणविद एवं हैस्को के संस्थापक डॉ. अनिल प्रकाश जोशी ने वर्ष 2013 और 2026 की यात्राओं के अनुभव साझा करते हुए उत्तर प्रदेश में आए बदलावों की सराहना की। उन्होंने बताया कि बिहार के बक्सर से उत्तर प्रदेश में प्रवेश करते ही उन्हें स्वच्छता और व्यवस्थाओं में सकारात्मक बदलाव दिखाई दिए।
डॉ. जोशी ने बघही ग्राम सभा का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि गांव में स्वच्छता, शिक्षा, सामुदायिक सहभागिता और धार्मिक-आध्यात्मिक आस्था का बेहतर समन्वय देखने को मिला। उन्होंने कहा कि बघही एक आदर्श गांव के रूप में विकसित होने की क्षमता रखता है।
गांव की पहचान लोगों की सोच और सामाजिक जिम्मेदारी से बनती है

डॉ. जोशी ने कहा कि किसी गांव की पहचान केवल भौतिक सुविधाओं से नहीं होती, बल्कि वहां के लोगों की सोच और सामाजिक जिम्मेदारी भी उसकी पहचान तय करती है। उन्होंने यात्रा के दौरान सुरक्षा के बेहतर वातावरण का उल्लेख करते हुए बताया कि पूरी यात्रा में कहीं भी असुरक्षा का भाव महसूस नहीं हुआ।
उन्होंने कहा कि किसी प्रदेश की प्रगति केवल सड़कों और भवनों से नहीं, बल्कि सामाजिक वातावरण, लोगों के व्यवहार और सुरक्षा की स्थिति से भी मापी जाती है।
प्रकृति संरक्षण में जनभागीदारी बढ़ाने पर चर्चा
कार्यक्रम के दौरान प्रकृति संरक्षण और जल संवर्धन के प्रयासों में सामाजिक भागीदारी बढ़ाने पर भी विचार-विमर्श हुआ। मुख्यमंत्री ने पर्यावरण के प्रति जागरूकता को जनआंदोलन का रूप देने और लोगों को संरक्षण के कार्यों से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश कुमार अवस्थी, ओएसडी राज भूषण सिंह रावत सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।