वाराणसी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने माननीय केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव के साथ आज काशी में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस अवसर पर वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस सहित दो अन्य नई रेल सेवाओं का शुभारंभ किया गया। इनमें वाराणसी सिटी-राजातालाब तथा बनारस-प्रयागराज रामबाग के बीच शुरू की गई रेल सेवाएं शामिल हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इन नई रेल सेवाओं को काशी और आसपास के क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण सौगात बताते हुए कहा कि दो आध्यात्मिक नगरों को जोड़ने वाला यह अभिनव प्रयास श्रद्धालुओं, अधिवक्ताओं और दोनों शहरों के शैक्षणिक संस्थानों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा।

धार्मिक, शैक्षणिक और यातायात सुविधाओं को मिलेगा बढ़ावा

नई रेल सेवाओं के शुरू होने से यात्रियों को आवागमन के बेहतर विकल्प मिलेंगे। विशेष रूप से वाराणसी और प्रयागराज के बीच यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं, विद्यार्थियों और अधिवक्ताओं को सुविधा मिलने की उम्मीद है। वहीं, वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस से दोनों प्रमुख शहरों के बीच रेल संपर्क को नई मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने इन महत्वपूर्ण रेल सौगातों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। साथ ही रेल सेवाओं की शुरुआत के लिए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को हृदय से धन्यवाद दिया।

इन नई रेल सेवाओं को काशी के रेल नेटवर्क और यात्री सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।