आर्यनगर, गोण्डा। ब्लॉक रुपईडीह क्षेत्र के आर्यनगर-महाराजगंज मार्ग की हालत इन दिनों बेहद खराब है। 6 महीने के भीतर दो बार मरम्मत कराए जाने के बावजूद सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं। इससे छोटे वाहनों से लेकर भारी वाहनों तक का आवागमन मुश्किल हो गया है। सड़क की बदहाल स्थिति के चलते राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।

इस संबंध में राहगीर राजेश कुमार, पवन कुमार, राजकुमार दुबे, राजीव कुमार और नरेंद्र कुमार सहित कई लोगों ने बताया कि सड़क की मरम्मत के नाम पर सरकारी धन खर्च किया जा रहा है, लेकिन निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उनका आरोप है कि मरम्मत के कुछ ही समय बाद सड़क फिर उखड़ने लगती है और जगह-जगह गड्ढे बन जाते हैं। इससे राहगीरों को जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ता है।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि सड़क की मरम्मत मानक के अनुरूप कराई जाए तो बार-बार गड्ढे बनने की समस्या से निजात मिल सकती है। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों से सड़क की गुणवत्ता की जांच कराने और स्थायी रूप से मरम्मत कराने की मांग की है।

इस संबंध में अवर अभियंता उपेंद्र सिंह ने बताया कि बारिश और भारी वाहनों के आवागमन के कारण सड़क पर गड्ढे बन रहे हैं। जानकारी कराकर सड़क की मरम्मत कराई जाएगी।

रिपोर्टः श्री प्रकाश शुक्ला (ब्लॉक संवाददाता, रूपईडीह)