आर्यनगर, गोण्डा। ब्लॉक रुपईडीह क्षेत्र के महादेवा कला गांव में लगा विद्युत ट्रांसफार्मर सुरक्षा इंतजामों के अभाव में हादसे को दावत दे रहा है। इटियाथोक विद्युत उपकेंद्र से संचालित इस ट्रांसफार्मर के चारों तरफ बैरिकेडिंग नहीं होने से ग्रामीणों में अनहोनी की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद विद्युत विभाग ने अब तक सुरक्षा घेरा नहीं बनवाया है।
घर और सरकारी हैंडपंप के पास लगा है ट्रांसफार्मर
ग्राम प्रधान द्वारका प्रसाद वर्मा, पवन कुमार सहित कई ग्रामीणों ने बताया कि ट्रांसफार्मर का चबूतरा बनाकर उसे जमीन से लगभग चार फीट की ऊंचाई पर स्थापित किया गया है। इसके बावजूद उसके चारों तरफ सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग नहीं कराई गई है। ट्रांसफार्मर के ठीक बगल में एक घर और सरकारी हैंडपंप भी मौजूद है, जहां ग्रामीणों के साथ बच्चों का भी अक्सर आना-जाना रहता है।
शिकायतों के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई

ग्रामीणों का कहना है कि खुले में लगे ट्रांसफार्मर के आसपास सुरक्षा घेरा नहीं होने से कभी भी गंभीर दुर्घटना हो सकती है। इस संबंध में कई बार इटियाथोक विद्युत उपकेंद्र से लेकर जिले के उच्चाधिकारियों तक शिकायत की जा चुकी है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।
ग्रामीणों ने की तत्काल बैरिकेडिंग की मांग
ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि ट्रांसफार्मर के चारों तरफ तत्काल बैरिकेडिंग कराई जाए और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। उनका कहना है कि समय रहते सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो किसी बड़ी दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता।
अब देखना होगा कि ग्रामीणों की शिकायत पर विद्युत विभाग कब तक संज्ञान लेकर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करता है।
रिपोर्टः श्री प्रकाश शुक्ला (ब्लॉक संवाददाता, रूपईडीह)