गोण्डा। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार, 1 नवंबर 2026 को जनपद में सड़क सुरक्षा एवं यातायात माह का विधिवत शुभारंभ किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी अजीत कुमार रजक ने अंबेडकर चौराहे पर हरी झंडी दिखाकर यातायात जागरूकता रैली को रवाना किया।
रैली में यातायात पुलिसकर्मियों, होमगार्ड, पीआरडी जवानों, स्कूली छात्र-छात्राओं और एनसीसी कैडेट्स ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए गुरुनानक चौक पर समाप्त हुई। इस दौरान प्रतिभागियों ने बैनर और नारों के माध्यम से लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।
नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य: ASP
रैली के समापन के बाद अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी अजीत कुमार रजक ने उपस्थित लोगों, वाहन चालकों और छात्र-छात्राओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने का सबसे प्रभावी उपाय यही है कि हम स्वयं नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
उन्होंने बताया कि नवंबर माह को पूरे प्रदेश में यातायात माह के रूप में मनाया जाता है। इसी क्रम में गोण्डा में पूरे महीने जागरूकता कार्यक्रम, प्रचार-प्रसार अभियान, सेमिनार, स्कूल-कॉलेजों में गोष्ठियां, नुक्कड़ नाटक, पोस्टर प्रतियोगिताएं और जनसंपर्क अभियान आयोजित किए जाएंगे। इनका उद्देश्य विशेष रूप से युवाओं को सड़क सुरक्षा के प्रति संवेदनशील बनाना है।
पुलिस ने बताए यातायात सुरक्षा के जरूरी नियम

यातायात माह के दौरान पुलिस ने वाहन चालकों से कई महत्वपूर्ण नियमों का पालन करने की अपील की है। इनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:
वाहन चलाते समय मोबाइल फोन या इयरफोन का प्रयोग न करें।
नाबालिग बच्चों को वाहन न चलाने दें।
दोपहिया वाहन चालक और पीछे बैठी सवारी दोनों हेलमेट पहनें।
चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें।
निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी न बैठाएं और गति सीमा का पालन करें।
दाएं-बाएं मुड़ते समय इंडिकेटर का प्रयोग करें।
दोपहिया वाहन पर दो से अधिक सवारी न बैठाएं।
वाहन निर्धारित स्थान पर ही पार्क करें।
वाहनों के आगे और पीछे रिफ्लेक्टर टेप लगाएं।
एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड को रास्ता दें।
नशे की हालत में वाहन न चलाएं और सड़क पर स्टंट करने से बचें।
दुर्घटना होने पर घायलों की मदद करें और जरूरत पड़ने पर 112 पर सूचना दें।

चालान के साथ जागरूकता पर भी रहेगा जोर
पुलिस विभाग के अनुसार, इस अभियान का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि आमजन को यातायात अनुशासन के प्रति जागरूक और जिम्मेदार बनाना है। इसके साथ ही यातायात नियमों के उल्लंघन, अतिक्रमण और अवैध पार्किंग के विरुद्ध पूरे महीने प्रवर्तन कार्रवाई भी जारी रहेगी।
कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी नगर योगेन्द्र सिंह, क्षेत्राधिकारी यातायात, प्रभारी यातायात सहित यातायात पुलिसकर्मी, होमगार्ड, पीआरडी जवान, स्कूली छात्र-छात्राएं और एनसीसी कैडेट्स मौजूद रहे।
रिपोर्टः आदर्श पांडेय (ब्लॉक संवाददाता, झंझरी)