कर्नलगंज, गोण्डा। जिले के कर्नलगंज थाना क्षेत्र के कटरा शाहबाजपुर, पोस्ट बरगदी कोट में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 38 वर्षीय शाकिर अली की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मस्जिद में लगे माइक में करंट उतरने से वह उसकी चपेट में आ गए। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, शाकिर अली पुत्र मुस्लिम अली रोजाना सुबह करीब पांच बजे नमाज अदा करने के लिए मस्जिद जाते थे। रविवार को भी वह घर से मस्जिद गए थे। सुबह सात बजे तक जब वह वापस नहीं लौटे तो उनके बेटे खालिद को चिंता हुई। इसके बाद वह मस्जिद पहुंचा, जहां उसके पिता हाथ में माइक लिए जमीन पर गिरे मिले।
डायल 112 पर दी गई सूचना, पुलिस ने भेजा पोस्टमार्टम के लिए शव
घटना की जानकारी मिलते ही बेटे खालिद ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची डायल 112 की टीम ने कर्नलगंज थाने को मामले से अवगत कराया। इसके बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मस्जिद में लगे माइक में करंट उतरने के कारण यह हादसा हुआ। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

पत्नी और छह छोटे बच्चों को छोड़ गए शाकिर अली
शाकिर अली अपने पीछे पत्नी और छह छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। उनके पांच बेटे और एक बेटी हैं। बच्चों की उम्र लगभग 6 से 17 वर्ष के बीच बताई गई है। परिवार में कमाने वाले सदस्य की अचानक मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
इस घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने बिजली उपकरणों और मस्जिद में लगे माइक की सुरक्षा व्यवस्था की जांच कराने की आवश्यकता जताई है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटना दोबारा न हो।
रिपोर्टः आदर्श पांडेय (ब्लॉक संवाददाता, झंझरी)