रुपईडीह, गोण्डा। विकासखंड रुपईडीह की ग्राम पंचायत कल्याणपुर में रास्ते की सुविधा न होने से ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रास्ते के अभाव में ग्रामीणों का दैनिक जीवन प्रभावित है, वहीं स्कूली बच्चों को भी सुबह विद्यालय जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। समस्या से परेशान ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर जिम्मेदार अधिकारियों से रास्ते का निर्माण कराने की मांग की।

ग्रामीण रियाजुद्दीन, जमाल सहित अन्य लोगों ने बताया कि रास्ते के निर्माण को लेकर कई बार ग्राम प्रधान से लेकर ब्लॉक और जिले के उच्च अधिकारियों तक शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। उनका कहना है कि रास्ते की स्थिति ऐसी है कि साइकिल और दोपहिया वाहन से आवागमन करना भी मुश्किल हो जाता है।

ग्रामीणों के मुताबिक, किसी व्यक्ति के बीमार पड़ने या आपात स्थिति में वाहन घर तक नहीं पहुंच पाता। ऐसे में मरीजों और जरूरतमंदों को काफी दूर तक पैदल जाना पड़ता है। इससे गंभीर परिस्थितियों में परेशानी और बढ़ जाती है।

ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से जल्द रास्ते का निर्माण कराकर आवागमन की समस्या दूर कराने की मांग की है।

इस संबंध में पंचायत सहायक गिरिजेश पटेल ने बताया कि रास्ते की जांच कराकर उसके निर्माण का प्रयास किया जाएगा।

रिपोर्टः श्री प्रकाश शुक्ला (ब्लॉक संवाददाता, रूपईडीह)