कुशीनगर। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए कुशीनगर जिला प्रशासन ने अभी से तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को जिलाधिकारी संजय चौहान और पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने कलेक्ट्रेट सभागार में संयुक्त रूप से निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा बैठक की। बैठक में संवेदनशील मतदान केंद्रों की पहचान, सुरक्षा व्यवस्था, कानून-व्यवस्था और मतदान स्थलों पर मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

दरअसल, आगामी 26 और 27 नवंबर 2026 को गोरखपुर में भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों की मंडलीय समीक्षा बैठक प्रस्तावित है। इसमें विधानसभा निर्वाचन-2027 की तैयारियों की समीक्षा की जाएगी। इसी को ध्यान में रखते हुए कुशीनगर प्रशासन ने विभागवार तैयारियों को व्यवस्थित करने और लंबित कार्यों को समय से पूरा कराने की कवायद तेज कर दी है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से अब तक की गई कार्रवाई और विभागवार प्रगति की जानकारी लेते हुए सभी सूचनाएं अद्यतन रखने के निर्देश दिए।

संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर रहेगी विशेष नजर

बैठक में संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों और मतदेय स्थलों की पहचान को लेकर विशेष चर्चा हुई। डीएम और एसपी ने निर्देश दिया कि ऐसे मतदान केंद्रों का गंभीरता से चिन्हांकन किया जाए, जहां पूर्व में कानून-व्यवस्था की स्थिति चुनौतीपूर्ण रही हो या निर्वाचन के दौरान गड़बड़ी की आशंका हो। ऐसे क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था का आकलन कर पहले से प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए। साथ ही शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए।

मतदान केंद्रों पर पेयजल, बिजली और शौचालय की होगी व्यवस्था

जिलाधिकारी संजय चौहान ने मतदान केंद्रों पर मतदाताओं और मतदान कार्मिकों के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रत्येक मतदान केंद्र का स्थलीय सत्यापन कराया जाए। वहां पेयजल, विद्युत आपूर्ति, शौचालय, रैंप, फर्नीचर सहित अन्य जरूरी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। जिन केंद्रों पर सुविधाओं की कमी है, उन्हें समय रहते दूर कराया जाए, ताकि मतदान के दिन मतदाताओं, दिव्यांगजनों और मतदान कार्मिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

अराजक तत्वों पर पुलिस रखेगी पैनी नजर

पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्वाचन प्रक्रिया को प्रभावित करने वाले असामाजिक एवं अराजक तत्वों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई की जाए। संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की सक्रियता और निगरानी बढ़ाई जाए। उन्होंने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।

चुनाव संबंधी शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर जोर

बैठक में आदर्श आचार संहिता के अनुपालन, निर्वाचन संबंधी शिकायतों के त्वरित निस्तारण, निर्वाचन कार्मिकों की उपलब्धता, सुरक्षा बलों की आवश्यकता और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि अपने-अपने विभागों से संबंधित सूचनाएं और प्रगति रिपोर्ट समय से अद्यतन रखें तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर उपलब्ध कराएं, जिससे गोरखपुर में होने वाली मंडलीय समीक्षा बैठक में जिले की तैयारियों का पूरा विवरण प्रस्तुत किया जा सके।

निर्वाचन तैयारियों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी

जिलाधिकारी संजय चौहान एवं पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने स्पष्ट किया कि विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना जिला प्रशासन एवं पुलिस की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय और पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि निर्वाचन से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समयसीमा में पूरी करें, ताकि चुनाव के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।

बैठक में अपर जिलाधिकारी पवन कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा सहित विभिन्न विभागों के प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।