बांदा। युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग के तत्वावधान में शनिवार को विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027 के अंतर्गत जनपद स्तरीय डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप (पीपीटी राउंड) का आयोजन किया गया। विकास भवन स्थित रानी दुर्गावती सभागार में आयोजित प्रतियोगिता में युवाओं ने अपनी प्रतिभा, ज्ञान और विचारों का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी पुष्पेन्द्र कुमार ने किया। उन्होंने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया और प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने 'जनसांख्यिकीय लाभांश एवं मानव पूंजी विकास' विषय पर आकर्षक प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किए। प्रस्तुतियों के मूल्यांकन के बाद अदिति मिश्रा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं दिव्यांश निगम दूसरे और हिमांशु तीसरे स्थान पर रहे।

निर्णायक मंडल ने किया प्रस्तुतियों का मूल्यांकन
प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल की भूमिका डॉ. सतीश कुमार शिवहरे, डॉ. रविन्द्र पन्थ और डॉ. गरिमा द्विवेदी ने निभाई। निर्णायक मंडल ने प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन करने के बाद परिणाम घोषित किया।
कार्यक्रम के समापन पर जिला युवा अधिकारी श्रेयांश राय, अर्चना देवी, सतीश कुमार, आदित्य कुमार एवं क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी जितेन्द्र कुमार ने विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता, रचनात्मक सोच, ज्ञान और राष्ट्र निर्माण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। प्रतियोगिता में युवाओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेकर विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका और विचार प्रस्तुत किए।