लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से सोमवार को सपा प्रदेश मुख्यालय में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसानों और विभिन्न खापों के चौधरियों ने मुलाकात की। इस दौरान किसानों से कृषि, गांव और किसान परिवारों से जुड़े मुद्दों पर बातचीत हुई। सपा के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी और प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल भी मौजूद रहे।

अखिलेश यादव ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी किसानों की अपनी पार्टी है और 2027 का विधानसभा चुनाव किसानों के भविष्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण होगा। उन्होंने भाजपा सरकार पर किसानों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए खाद, बीज, फसलों के उचित मूल्य और सिंचाई जैसे मुद्दे उठाए।

‘जरूरत के समय खाद नहीं मिलती’

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में किसानों को समय पर खाद और बीज उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब किसान को खाद की सबसे ज्यादा जरूरत होती है, तब उसे इसके लिए परेशान होना पड़ता है।

सपा प्रमुख ने सरकार पर कमीशनखोरी और मुनाफाखोरी को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है और बिचौलियों का प्रभाव बढ़ गया है।

सरकार बनी तो 24 घंटे में गन्ने का भुगतान का दावा

अखिलेश यादव ने 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर किसानों के लिए कई फैसले लेने का वादा किया। उन्होंने कहा कि गन्ना किसानों को 24 घंटे के भीतर भुगतान करने की व्यवस्था की जाएगी।

उन्होंने किसानों को पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने के साथ खाद, बीज, पानी और सिंचाई की समुचित व्यवस्था करने की बात कही। अखिलेश ने कहा कि किसानों को खाद के लिए भटकना नहीं पड़ेगा और उनकी फसलों का लाभकारी मूल्य दिलाने पर जोर दिया जाएगा।

उन्होंने किसानों के इलाज को मुफ्त करने और इथेनॉल उत्पादन से होने वाले लाभ में किसानों की हिस्सेदारी सुनिश्चित करने की बात भी कही।

गांवों के विकास को प्राथमिकता देने का वादा

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर गांवों के विकास को प्राथमिकता दी जाएगी और किसानों के हित में फैसले लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी के लिए किसान सर्वोपरि है।

सपा अध्यक्ष ने अपनी पिछली सरकारों का जिक्र करते हुए दावा किया कि उस दौरान किसानों के हित में कई बड़े फैसले लिए गए थे, जिन्हें आज भी किसान याद करते हैं।

किसानों ने जताया अखिलेश यादव पर भरोसा

मुलाकात के दौरान किसानों और खाप प्रतिनिधियों ने अखिलेश यादव पर भरोसा जताया। सपा के अनुसार, किसानों ने कहा कि अखिलेश यादव कृषि और किसान परिवारों की समस्याओं से परिचित हैं और उनके मुख्यमंत्रित्वकाल में खेती का बजट बढ़ाने के साथ किसानों को कई सुविधाएं दी गई थीं।

सपा के मुताबिक, विभिन्न खापों के प्रतिनिधियों और किसानों ने 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को बहुमत दिलाने और अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने के लिए एकजुट होकर प्रयास करने का संकल्प लिया।

अखिलेश को भेंट किया हल और हुक्का

मुलाकात के दौरान पश्चिमी यूपी की किसान संस्कृति की झलक भी देखने को मिली। बुढ़ाना, मुजफ्फरनगर के चौधरी वीरेंद्र प्रधान ने अखिलेश यादव को हल भेंट किया, जबकि बागपत के किसानों ने उन्हें हुक्का भेंट किया।

इस दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए किसान नेताओं और खाप प्रतिनिधियों ने भी अखिलेश यादव से मुलाकात की।