गोंडा : मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत मंगलवार को गोंडा स्थित रॉयल पैराडाइज मैरिज हॉल में सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विकासखंडों, नगरपालिका परिषद और नगर पंचायतों से पंजीकृत जोड़ों ने हिस्सा लिया। कुल 241 जोड़ों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 205 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे।

हिंदू रीति-रिवाज से 188 विवाह, 17 जोड़ों का निकाह

समारोह में 188 जोड़ों का विवाह हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न कराया गया, जबकि 17 जोड़ों का निकाह इस्लामिक परंपरा के तहत मौलवी साहिबे आलम ने पढ़ाया। आयोजन को व्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराया गया।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन, मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद, गोंडा सांसद एवं केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री के प्रतिनिधि यूपी सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अकबाल बहादुर तिवारी सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

इसके अलावा जिला विकास अधिकारी आदित्य तिवारी, डीसी एनआरएलएम जेएन राव, डीसी मनरेगा जनार्दन प्रसाद, जिला समाज कल्याण अधिकारी सत्य प्रकाश सिंह, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी माधवी पांडेय और जिला पर्यटन सूचना अधिकारी वंदना पांडेय समेत संबंधित खंड विकास अधिकारी भी समारोह में शामिल हुए। सभी ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की।

पात्र जोड़ों को आर्थिक सहायता और गृहस्थी का सामान

समारोह में सरकार की ओर से संचालित योजना के लाभों की जानकारी देते हुए बताया गया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह में सहायता करना है। योजना के तहत पात्र जोड़ों को 64 हजार रुपये प्रति जोड़ा दिए जाने की जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त नवदंपतियों को गृहस्थी शुरू करने के लिए आवश्यक उपहार सामग्री भी उपलब्ध कराई जाती है।

उपहार सामग्री में स्टील का डिनर सेट, प्रेशर कुकर, कड़ाही, वधू के लिए पांच साड़ियों का सेट, वर के लिए पैंट-शर्ट, दीवार घड़ी और सौंदर्य प्रसाधन किट जैसी वस्तुएं शामिल हैं।

जाति और धर्म से परे जरूरतमंद परिवारों को सहायता

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि आर्थिक तंगी के कारण किसी गरीब परिवार की बेटी का विवाह न रुके। योजना के माध्यम से विभिन्न जातियों और धर्मों के पात्र परिवारों को सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

गोंडा में आयोजित इस समारोह के जरिए बड़ी संख्या में परिवारों को विवाह संबंधी आर्थिक सहायता मिली और 205 जोड़ों ने नए जीवन की शुरुआत की।

रिपोर्ट- आदर्श पाण्डेय ( ब्लॉक संवाददाता झंझरी )