कुशीनगर : जिले के नौरंगिया में आयोजित वृहद रोजगार मेले में 219 युवाओं का विभिन्न कंपनियों में नौकरी के लिए प्रारंभिक चयन किया गया। खड्डा विधानसभा क्षेत्र के राजेश मणि इंटर कॉलेज परिसर में जिला सेवायोजन कार्यालय और मॉडल करियर सेंटर कुशीनगर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित मेले में 15 निजी कंपनियों ने स्टॉल लगाए। रोजगार की तलाश में कुल 456 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया।
सांसद विजय कुमार दुबे ने किया मेले का शुभारंभ
उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत आयोजित रोजगार मेले का शुभारंभ मुख्य अतिथि सांसद विजय कुमार दुबे ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न कंपनियों में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। सांसद ने कंपनियों के स्टॉलों का निरीक्षण कर अधिकारियों और प्रतिनिधियों से उपलब्ध रोजगार के अवसरों की जानकारी भी ली।
15 कंपनियों ने विभिन्न पदों के लिए लिए साक्षात्कार
रोजगार मेले में उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम, अशोक लेलैंड, हिंडाल्को, स्वतंत्र माइक्रोफिन लिमिटेड, एलएंडटी फाइनेंस, उत्कर्ष फाइनेंस बैंक और वर्धमान टेक्सटाइल लिमिटेड समेत 15 कंपनियों ने प्रतिभाग किया।

कंपनियों की ओर से रोडवेज संविदा चालक, ब्लॉक ऑफिसर, फील्ड ऑफिसर, ट्रेनी क्रेडिट ऑफिसर, लोन ऑफिसर और स्पिनिंग ऑपरेटर सहित कई पदों के लिए अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया गया। चयन प्रक्रिया के बाद कुल 219 युवाओं का प्रारंभिक चयन हुआ।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में प्रधान संघ के जिलाध्यक्ष एवं राजेश मणि इंटर कॉलेज के प्रबंधक संतोष मणि त्रिपाठी, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि दुर्गेश वर्मा, रामानुज मिश्रा, धर्मेंद्र राय, उमाशंकर, मंडल अध्यक्ष संदीप श्रीवास्तव, महामंत्री राजेश्वर सिंह, मंडल उपाध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, मंडल मंत्री अभिषेक कुशवाहा, जिला आईटीआई सह संयोजक प्रदीप सिंह और कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रवीण कुमार दुबे सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन दुर्गा गुप्ता ने किया।
इस अवसर पर जिला सेवायोजन अधिकारी संजय कुमार, अपर सांख्यिकीय अधिकारी अरविंद कुमार यादव, अभय श्रीवास्तव, अभिषेक मिश्रा, जितेंद्र जायसवाल और प्रशांत कुमार सिंह समेत विभागीय अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
युवाओं को योग्यता के अनुसार रोजगार दिलाने की पहल
जिला सेवायोजन अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के माध्यम से युवाओं को उनकी शैक्षिक योग्यता और कौशल के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराने के लिए लगातार रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है। नौरंगिया का यह मेला भी युवाओं को निजी क्षेत्र की कंपनियों से जोड़ने और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक पहल है।