गोण्डा। खोड़ारे थाना क्षेत्र में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पति, ससुर और सास को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों को आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

दहेज के लिए प्रताड़ित करने का लगाया गया आरोप

पुलिस के अनुसार, 22 नवंबर 2026 को बलरामपुर जनपद के ग्राम मुड़लिया टेढ़वा निवासी शीला देवी पत्नी बृजमोहन ने थाना खोड़ारे में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनकी 22 वर्षीय पुत्री संजनी देवी को ससुराल पक्ष के लोग कम दहेज लाने का ताना देकर आए दिन गाली-गलौज और मारपीट कर प्रताड़ित करते थे।

हत्या कर शव फंदे पर लटकाने का आरोप

तहरीर में आरोप लगाया गया कि 18 नवंबर की रात करीब 11:30 बजे से 12 बजे के बीच ससुराल पक्ष के लोगों ने संजनी की हत्या कर उसके शव को फंदे पर लटका दिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति आशीष प्रजापति समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 329/2026 दर्ज किया। मामले में बीएनएस की धारा 85, 80(2), 352 तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 के तहत कार्रवाई की गई।

पति, ससुर और सास गिरफ्तार

मामले की विवेचना क्षेत्राधिकारी मनकापुर द्वारा की जा रही है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी मनकापुर के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष खोड़ारे के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में आशीष प्रजापति पुत्र रामशब्द (पति), रामशब्द प्रजापति पुत्र राम निहोरे (ससुर) और सीतापती प्रजापति पत्नी रामशब्द (सास) शामिल हैं। तीनों ग्राम अलीनगर तिवारीजोत, थाना खोड़ारे, जनपद गोण्डा के निवासी हैं।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक ज्ञानेन्द्र शुक्ला, मुख्य आरक्षी संदीप कुमार, आरक्षी शैलेष प्रताप चौहान और महिला आरक्षी गरिमा सिंह शामिल रहीं। पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया।