गोंडा : कौड़िया थाना क्षेत्र के कोटिया मदारा गांव में पत्नी की हत्या के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी पति मनोज कुमार शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने रविवार दोपहर करीब 2 बजे मेडिकल परीक्षण कराने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था। इसी बात को लेकर शुक्रवार रात नशे की हालत में घर पहुंचे मनोज का पत्नी से विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर उसने कुल्हाड़ी से पत्नी पर हमला कर दिया। घटना के दौरान बेटे ने पिता का विरोध किया तो आरोपी ने उसे भी जान से मारने की धमकी दी।

चार साल से पत्नी के चरित्र पर करता था शक

पुलिस के मुताबिक, मनोज को करीब चार साल पहले पानीपत जाने के बाद से पत्नी सुमन के किसी दूसरे व्यक्ति से संबंध होने का शक था। उसे लगता था कि सुमन किसी अन्य व्यक्ति से बातचीत करती है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।

शुक्रवार 20 नवंबर की रात करीब 12 बजे मनोज नशे की हालत में घर पहुंचा। उसने पत्नी से चाय बनाने को कहा। सुमन ने चाय बनाने से मना कर दिया तो मनोज को लगा कि वह उसे नजरअंदाज कर किसी दूसरे व्यक्ति से बातचीत करने में व्यस्त है। इसी बात पर गुस्से में उसने घर में रखी कुल्हाड़ी उठाकर सुमन के सिर पर वार कर दिया। हमले में सुमन की मौत हो गई।

मां की हत्या होते देख बेटे ने किया विरोध, डायल 112 पर दी सूचना

मां पर हमला होते देख बेटे किशन ने पिता का विरोध किया। इस पर मनोज ने उसे भी जान से मारने की धमकी देकर चुप कराने की कोशिश की। इसके बावजूद किशन ने हिम्मत दिखाते हुए घर से बाहर निकलकर डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलने पर कौड़िया पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में मृतका की मां सीतावती तिवारी की तहरीर पर आरोपी पति मनोज कुमार शुक्ला और उसकी मां के खिलाफ हत्या समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।

आरोपी की मां की भूमिका की भी हो रही जांच

अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी नितेश सिंह ने बताया कि 20 नवंबर की रात पत्नी के चरित्र पर शक के चलते पति ने उसकी हत्या की थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और वारदात में इस्तेमाल कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है।

उन्होंने बताया कि मामले में आरोपी की मां की भूमिका की भी गंभीरता से जांच की जा रही है। विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।