लखनऊ। उत्तर प्रदेश में महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर सोमवार, 26 अक्टूबर 2026 को सार्वजनिक अवकाश घोषित किए जाने की जानकारी सामने आई है। प्रदेश की वर्ष 2026 की अवकाश सूची में इस दिन को शामिल किया गया है। इसके चलते सरकारी कार्यालयों के साथ स्कूल-कॉलेजों में भी छुट्टी रहने की बात कही जा रही है।

महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर प्रदेशभर में धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर सभी 75 जिलों में वाल्मीकि मंदिरों और रामायण से जुड़े प्रमुख स्थलों पर दीपदान, रामायण पाठ, भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रम कराने की तैयारी है।

जिला, तहसील और विकासखंड स्तर पर होंगे कार्यक्रम

जयंती के अवसर पर जिला, तहसील और विकासखंड स्तर पर विभिन्न आयोजन किए जाएंगे। इनमें पूजन-हवन, दीप प्रज्ज्वलन, रामायण पाठ और लव-कुश प्रसंगों पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां शामिल होंगी। प्रशासन को आयोजन स्थलों पर साफ-सफाई, पेयजल, रोशनी और सुरक्षा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

चित्रकूट की तपोस्थली पर होगा विशेष आयोजन

चित्रकूट के लालापुर स्थित महर्षि वाल्मीकि की तपोस्थली पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाने की तैयारी है। यहां रामलीला मंचन, वाल्मीकि रामायण पाठ, भजन संध्या और स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी। नदी के घाट पर वाल्मीकि आरती का आयोजन भी प्रस्तावित है।

इसके अलावा राजापुर, कानपुर के बिठूर, श्रावस्ती, अयोध्या और प्रयागराज समेत प्रदेश के अन्य प्रमुख स्थानों पर भी धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर होने वाले इन आयोजनों के माध्यम से उनकी शिक्षाओं, रामायण की परंपरा और भारतीय सांस्कृतिक विरासत को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।