चंदौली। जनपद के बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित होने वाले जनपद स्तरीय वृहद रोजगार मेले के प्रचार-प्रसार के लिए शनिवार को जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वाहन जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर युवाओं को रोजगार मेले के प्रति जागरूक करेगा।

जिलाधिकारी ने बताया कि एक दिवसीय जनपद स्तरीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन 30 नवंबर 2026 को सकलडीहा पीजी कॉलेज में किया जाएगा। मेले में 50 से अधिक कंपनियां और नियोजक प्रतिभाग करेंगे। चयन प्रक्रिया के माध्यम से अभ्यर्थियों को उनकी शैक्षिक योग्यता और पात्रता के अनुसार रोजगार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

50 से अधिक कंपनियां और नियोजक करेंगे प्रतिभाग

रोजगार मेले में विजन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, सुब्रोस प्राइवेट लिमिटेड, आनन्दी सोलर एनर्जी, महादेव हनुमत विजय प्लेसमेंट सर्विस, सिस्का इलेक्ट्रिकल्स सहित 50 से अधिक कंपनियां और नियोजक शामिल होंगे। विभिन्न कंपनियों की ओर से युवाओं का चयन उनकी योग्यता और पात्रता के आधार पर किया जाएगा।

रोजगार मेले में कौन कर सकता है प्रतिभाग?

मेले में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, बीटेक, डिप्लोमा, आईटीआई तथा कौशल विकास मिशन के विभिन्न ट्रेडों में उत्तीर्ण अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकते हैं।

पंजीकरण और जरूरी दस्तावेज

रोजगार मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को सेवायोजन विभाग के रोजगार संगम पोर्टल rojgaarsangam.up.gov.in पर पंजीकरण कराना अनिवार्य है। अभ्यर्थी ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से प्रतिभाग कर सकते हैं।

अभ्यर्थियों को अपने मूल शैक्षिक अंकपत्र, प्रमाणपत्र, अद्यतन बायोडाटा और चार पासपोर्ट आकार के फोटो साथ लाने होंगे।

सुबह 10 बजे पहुंचना होगा कॉलेज

जिलाधिकारी ने बताया कि सभी अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि यानी 30 नवंबर को सुबह 10 बजे सकलडीहा पीजी कॉलेज पहुंचना होगा। जिला प्रशासन ने युवाओं से रोजगार मेले में अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग कर उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने की अपील की है।