बाराबंकी। तहसील रामनगर क्षेत्र के बिलखिया देवसानी स्थित गन्ना क्रय केंद्र पर शनिवार को ट्रकों की कमी के चलते गन्ने की तौल व्यवस्था प्रभावित रही। प्रतिदिन करीब 600 कुंतल गन्ने की तौल करने वाले इस क्रय केंद्र पर शनिवार को दोपहर एक बजे तक चीनी मिल से एक भी ट्रक नहीं पहुंचा। इससे गन्ना लेकर पहुंचे किसानों को कई घंटे तक अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। केंद्र पर गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्रालियों की लंबी कतार लगी रही, लेकिन तौल शुरू नहीं हो सकी।
सुबह से गन्ना लेकर पहुंचे किसान, दोपहर तक इंतजार
किसानों ने बताया कि वे सुबह से ही गन्ना लेकर क्रय केंद्र पहुंच गए थे। उम्मीद थी कि समय से तौल हो जाएगी और गन्ना बेचकर घर लौट सकेंगे, लेकिन दोपहर तक ट्रकों के न पहुंचने से उनकी परेशानी बढ़ती गई। दूर-दराज के गांवों से गन्ना लेकर आए किसान भूख-प्यास से परेशान होकर केंद्र परिसर में बैठने को मजबूर रहे।
किसानों का कहना था कि कई घंटे बीतने के बाद भी तौल शुरू होने का कोई स्पष्ट समय नहीं बताया जा रहा था। ट्रकों की कमी के कारण किसानों का पूरा दिन इंतजार में बीतने की आशंका बनी रही।
करीब एक दर्जन किसान तौल के इंतजार में

क्रय केंद्र पर रौनक सिंह, रामशंकर सिंह, कल्लू, अर्जुन, अमन सिंह, सुंदर सिंह, चंदन सिंह, अनुराग सिंह, रिंकू सिंह, दीपांशु सिंह और अतुल सिंह सहित अन्य किसानों की गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्रालियां खड़ी रहीं।
किसान अमन कुमार ने बताया कि करीब एक दर्जन किसान सुबह से अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। कांटा बाबू से पूछने पर बार-बार ट्रक खराब होने और चीनी मिल से ट्रक नहीं आने की बात कही जा रही है। इससे किसानों को काफी परेशानी हो रही है।
ट्रांसपोर्टिंग की समस्या से प्रभावित हुई तौल
इस संबंध में कांटा बाबू जितेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि एक ट्रक खराब हो गया है, जबकि दो ट्रक चीनी मिल से नहीं आ पाए हैं। कुल पांच ट्रक हैं और उनमें बिल्डिंग का कार्य कराया जा रहा है। ट्रांसपोर्टिंग की समस्या के कारण गन्ने की तौल प्रभावित हुई है।
उन्होंने कहा कि जल्द ही ट्रकों की व्यवस्था कर किसानों के गन्ने की तौल शुरू कराई जाएगी।