दुद्धी (सोनभद्र) : प्रसाद कुंवर पब्लिक स्कूल दुद्धी में सिखों के प्रथम गुरु गुरु नानक देव जी की 557वीं जयंती के अवसर पर विचार संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि गुरुद्वारा प्रमुख के सेवादार अजीत सिंह के मार्गदर्शन और उद्बोधन में सामाजिक समरसता, आपसी प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया गया। इस दौरान वक्ताओं ने गुरु नानक देव जी के विचारों को जीवन में अपनाने की अपील की।

माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन कर किया नमन

कार्यक्रम की शुरुआत गुरु नानक देव जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन और पुष्प अर्पित कर की गई। अतिथियों ने उनके बताए मार्ग पर चलने और समाज में समानता व सद्भाव बनाए रखने का आह्वान किया।

विशिष्ट अतिथि सिविल बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष नंदलाल अग्रहरि ने कहा कि बदलते सामाजिक परिवेश में कुटुंब और परिवार का विघटन चिंताजनक है। गुरु नानक देव जी का सामाजिक भाईचारे और एकता का संदेश आज भी सभी के जीवन में अपनाने योग्य है।

संगत-पंगत के सिद्धांतों पर चलने की अपील

विद्यालय के प्रबंधक डॉ. लवकुश प्रजापति ने गुरु नानक देव जी के बताए संगत, पंगत और सौदा के सिद्धांतों पर अपने विचार रखे। उन्होंने आपसी वैमनस्य, दूरी और जाति-पाति व धर्म-पंथ के भेदभाव से ऊपर उठकर सभी को साथ लेकर चलने का संदेश दिया।

कन्हैयालाल अग्रहरि, आलोक अग्रहरि और जवाहरलाल एडवोकेट ने कहा कि विद्यालय में सांस्कृतिक विरासत को संजोने का सराहनीय कार्य किया जा रहा है। इस दौरान गुरु नानक देव जी के जीवन से जुड़ी कई रोचक जानकारियां भी साझा की गईं।

अरदास और भजन से भक्तिमय हुआ माहौल

आगंतुक अतिथियों के स्वागत में विद्यालय की ओर से मोनिका सिंह और शमीम ने अरदास एवं भजन प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का संचालन स्वच्छता मिशन के दुद्धी ब्रांड एंबेसडर जितेंद्र कुमार चंद्रवंशी ने किया।

इस मौके पर मैनेजर जावेद अहमद, यशस्वी कपूर, रेशमा सुब्बा, सुशांत छेत्री, बलवंत कुमार सहित विद्यालय के दर्जनों शिक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में गुरु नानक देव जी के विचारों को आत्मसात कर समाज में सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करने का संदेश दिया गया।