हरदोई। गन्ना किसानों के हक और अधिकारों को लेकर भारतीय किसान क्रांति यूनियन एवं किसान एकता कल्याण (अखंड भारत) ने आंदोलन का ऐलान किया है। गन्ने का मूल्य 600 रुपये प्रति कुंतल घोषित कराने समेत आठ सूत्रीय मांगों को लेकर 16, 17 और 18 नवंबर 2026 को लोनी चीनी मिल पर तीन दिवसीय सांकेतिक घेराव और धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। आंदोलन की तैयारियों के बीच संगठन के पदाधिकारियों ने नायब तहसीलदार शाहाबाद एजाज अहमद को पूर्व सूचना देते हुए नोटिस सौंपा है।
किसानों की प्रमुख मांग है कि गन्ने का मूल्य बढ़ाकर 600 रुपये प्रति कुंतल किया जाए और पेराई सत्र शुरू होने से पहले ही मूल्य घोषित किया जाए। इसके साथ ही गन्ना क्रय केंद्रों पर तौल के नाम पर किसानों से कथित रूप से की जा रही 100 रुपये की वसूली बंद कराने की मांग उठाई गई है। संगठन ने गन्ना ऐप पर किसानों की निजी जानकारी सुरक्षित रखने की भी मांग की है।
इसके अलावा चीनी मिल परिसर में दुर्घटना होने पर किसानों और मजदूरों को उचित बीमा एवं मुआवजा देने, ट्रॉली पलटने की स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराने तथा किसानों के लिए पेयजल, बैठने और सुरक्षा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग शामिल है।
संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि तीन दिवसीय आंदोलन में हजारों किसान एकजुट होकर अपनी मांगों को बुलंद करेंगे। यदि किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और मजबूती के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।
इस आंदोलन का संयुक्त नेतृत्व भारतीय किसान क्रांति यूनियन के जिला प्रभारी राहुल दीक्षित, किसान एकता कल्याण (अखंड भारत) के जिला अध्यक्ष आनंद उर्फ रिंकज शर्मा, जिला महासचिव प्रमुख रमाकांत पासी तथा जिला महासचिव प्रमुख एवं आईटी सेल से जुड़े कृष्ण मोहन बाजपेई द्वारा किया जाएगा।