कैसरगंज से भाजपा सांसद करण भूषण सिंह ने रविवार को लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। इस दौरान सांसद ने ढेमवाघाट पुल के निर्माण की टेंडर प्रक्रिया जल्द पूरी कराने, कैसरगंज लोकसभा क्षेत्र में विभिन्न सड़कों के निर्माण तथा गोंडा जिले में बाढ़ और कटान की समस्या को लेकर मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी मांगें रखीं। बताया जा रहा है कि पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के मामले में अदालत से बरी होने के बाद करण भूषण सिंह की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से यह पहली मुलाकात है।
ढेमवाघाट पुल को लेकर मुख्यमंत्री से की विशेष मांग
मुलाकात के दौरान करण भूषण सिंह ने मुख्यमंत्री को बताया कि ढेमवाघाट पुल के निर्माण को लेकर आईआईटी रुड़की की रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी है। उन्होंने रिपोर्ट के आधार पर पुल निर्माण से जुड़ी शेष प्रक्रिया को जल्द पूरा कराने तथा टेंडर जारी कर निर्माण कार्य शुरू कराने का आग्रह किया।
सांसद के मुताबिक, वह ढेमवाघाट पुल के निर्माण को लेकर मुख्यमंत्री से पहले भी पांच से अधिक बार मुलाकात कर चुके हैं। मुख्यमंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को टेंडर प्रक्रिया जल्द पूरी करने और निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए।
करण भूषण सिंह ने कहा कि पुल का निर्माण आईआईटी रुड़की की रिपोर्ट के इंतजार में रुका हुआ था। अब रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद उम्मीद है कि शेष औपचारिकताएं जल्द पूरी होंगी और निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
कैसरगंज लोकसभा क्षेत्र की सड़कों का मुद्दा भी उठाया
सांसद ने कैसरगंज लोकसभा क्षेत्र में विभिन्न सड़कों के निर्माण एवं विकास कार्यों को लेकर मुख्यमंत्री को कई मांग पत्र सौंपे। उन्होंने क्षेत्र की आवश्यकता और प्रस्तावित सड़कों से संबंधित जानकारी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सांसद को मांग पत्रों पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। साथ ही लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को सड़कों से संबंधित प्रक्रियाओं को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
करनैलगंज और तरबगंज में कटान की समस्या से कराया अवगत
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने गोंडा क्षेत्र में घाघरा नदी के बढ़ते जलस्तर की स्थिति के बारे में भी जानकारी ली। सांसद करण भूषण सिंह ने करनैलगंज और तरबगंज क्षेत्र में नदी के कटान से प्रभावित इलाकों की स्थिति मुख्यमंत्री के सामने रखी। उन्होंने बताया कि नदी का जलस्तर बढ़ने और कटान के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मुख्यमंत्री ने स्थिति पर लगातार नजर रखने और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। बोले- अगले साल बाढ़ में आवागमन की समस्या नहीं होगी
मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद सांसद करण भूषण सिंह ने कहा कि ढेमवाघाट पुल का निर्माण आईआईटी रुड़की की रिपोर्ट के इंतजार में रुका हुआ था। अब रिपोर्ट आ चुकी है और निर्माण से जुड़ी शेष प्रक्रियाएं लगभग पूरी हो गई हैं।
उन्होंने उम्मीद जताई कि पुल का निर्माण जल्द शुरू होगा और अगले साल बाढ़ के दौरान क्षेत्र के लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
मुलाकात के अंत में सांसद ने मुख्यमंत्री का आशीर्वाद लिया। इसके बाद वह गोंडा के लिए रवाना हो गए। सांसद के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जल्द ही गोंडा आने का आश्वासन भी दिया।