गोंडा। जिला मुख्यालय स्थित सीएमओ कार्यालय पर शुक्रवार दोपहर डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन ने अपनी 18 सूत्रीय मांगों को लेकर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। दोपहर करीब 12:30 बजे बड़ी संख्या में जुटे फार्मासिस्टों ने लंबित समस्याओं पर सुनवाई नहीं होने से नाराजगी जताई। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने सीएमओ डॉ. संतलाल पटेल के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उन्हें लेकर आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया।

फार्मेसी अधिकारी पदनाम और दवा लिखने का अधिकार देने की मांग

एसोसिएशन ने शासन को भेजे गए मांगपत्र में फार्मासिस्ट का पदनाम बदलकर 'फार्मेसी अधिकारी', चीफ फार्मासिस्ट का नाम 'चीफ फार्मेसी अधिकारी' और विशेष कार्याधिकारी (फार्मेसी) का पदनाम 'सहायक निदेशक फार्मेसी' करने की मांग उठाई है।

इसके अलावा फार्मासिस्टों को प्राथमिक उपचार के साथ सीमित आवश्यक दवाएं लिखने का अधिकार देने, ग्रामीण अस्पतालों में ओपीडी व्यवस्था लागू करने, रिक्त पदों पर नियुक्ति और पदोन्नति करने तथा वर्ष 2005 के बाद नियुक्त फार्मासिस्टों की वरिष्ठता सूची जारी करने की मांग भी शामिल है।

वेतन विसंगति दूर करने और नए पद सृजित करने पर जोर

मांगपत्र में वेतनमान और भत्तों में सुधार, एंबुलेंस व सीएचओ के माध्यम से दवा वितरण की व्यवस्था, जिला अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा फार्मेसी संवर्ग के पुनर्गठन जैसे मुद्दे उठाए गए हैं।

इसके साथ ही मेडिकल कॉलेजों और महिला अस्पतालों में फार्मासिस्टों के नए पद सृजित करने तथा कार्यक्षेत्र से जुड़ी विसंगतियों को दूर करने की मांग की गई है।

ज्ञापन शासन तक नहीं भेजने का लगाया आरोप

एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संदीप बडोला ने कहा कि मांगें पूरी होने से फार्मासिस्टों को राहत मिलेगी और सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में भी सुधार होगा। वहीं, वरिष्ठ उपाध्यक्ष उमेश मिश्रा ने आरोप लगाया कि फार्मासिस्ट लगातार विभिन्न समस्याओं से जूझ रहे हैं, लेकिन उनकी मांगों पर सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनका ज्ञापन शासन तक नहीं भेजा जा रहा है।