हरदोई। विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच हरदोई जिला प्रशासन ने मतदाताओं को जागरूक करने के लिए नई पहल शुरू की है। अब मतदाता कलेक्ट्रेट परिसर में स्थापित ईवीएम/वीवीपैट प्रदर्शन एवं प्रशिक्षण केन्द्र पर पहुंचकर खुद ईवीएम पर वोट डालने का अभ्यास कर सकेंगे। इसके साथ ही वे वीवीपैट के माध्यम से यह भी समझ सकेंगे कि मतदान के बाद वोट की पुष्टि किस तरह होती है।
शुक्रवार को जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय ने ईवीएम प्रदर्शन एवं प्रशिक्षण केन्द्र का शुभारम्भ किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं ईवीएम पर वोट डालकर वीवीपैट की कार्यप्रणाली का प्रदर्शन देखा और मतदान प्रक्रिया की जानकारी ली।
डीएम ने बताया कि इस केन्द्र की स्थापना का मुख्य उद्देश्य मतदाताओं के मन में ईवीएम को लेकर व्याप्त भ्रम और संशय को दूर करना है। यहां आने वाले लोगों को प्रशिक्षित कर्मचारियों द्वारा मतदान की पूरी प्रक्रिया समझाई जाएगी। खासतौर पर पहली बार मतदान करने जा रहे युवाओं के लिए यह केन्द्र उपयोगी साबित होगा।
तहसील, ब्लॉक और विद्यालयों में भी होंगे जागरूकता कार्यक्रम
जिला प्रशासन की ओर से मतदाता जागरूकता अभियान को कलेक्ट्रेट तक सीमित नहीं रखा जाएगा। जनपद की तहसीलों, ब्लॉक और विद्यालयों में भी ईवीएम एवं वीवीपैट के इस्तेमाल को लेकर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोग मतदान प्रक्रिया को समझ सकें।
ईवीएम वेयरहाउस की सुरक्षा भी परखी
प्रदर्शन केन्द्र के शुभारम्भ के बाद जिलाधिकारी ने ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों की स्थिति का जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस मौके पर एडीएम दीपाली भार्गव, नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार सहित निर्वाचन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।