मुरादाबाद। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने मैनाठेर क्षेत्र में विशेष जागरूकता एवं जांच अभियान चलाया। Food Safety on Wheels (FSW) वाहन के माध्यम से संचालित इस अभियान के दौरान कुल 12 खाद्य पदार्थों के नमूनों की जांच की गई। राहत की बात यह रही कि जांच में सभी नमूने निर्धारित मानकों के अनुरूप पाए गए।

अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने 35 खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा नियमों और साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया। इस दौरान एक जागरूकता कार्यक्रम और एक प्रशिक्षण कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें कारोबारियों को सुरक्षित खाद्य सामग्री तैयार करने और उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के संबंध में जानकारी दी गई।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने कारोबारियों को निर्देशित किया कि बिना वैध FSSAI लाइसेंस के खाद्य कारोबार न करें और खाद्य पदार्थों में सिंथेटिक रंगों का इस्तेमाल करने से बचें। इसके साथ ही रसोई और खाद्य पदार्थ तैयार करने वाले स्थानों पर साफ-सफाई बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।

अधिकारियों ने खाद्य कारोबारियों को हेड कैप, मास्क, एप्रन और हैंड ग्लव्स का इस्तेमाल करने तथा कच्चे और तैयार खाद्य पदार्थों को ढककर रखने के लिए भी जागरूक किया।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि आमजन को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस तरह के जागरूकता एवं जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
रिपोर्टः मोहम्मद अरशद, मुरादाबाद