भदोही/मिर्जापुर। बनारस खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के बाद समाजवादी पार्टी के नवनिर्वाचित एमएलसी आशुतोष सिन्हा का भदोही जनपद में प्रथम आगमन पर भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। पार्टी के नेताओं, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका गर्मजोशी से अभिनंदन किया।
स्वागत से अभिभूत आशुतोष सिन्हा ने सभी समाजवादी साथियों, शुभचिंतकों और सहयोगियों का आभार जताते हुए कहा कि भदोही की धरती पर मिले स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद से उनका हृदय अभिभूत है। उन्होंने कहा कि लोगों का यह प्यार और विश्वास उनके लिए अनमोल है और हमेशा उनकी ताकत बना रहेगा।

मिर्जापुर में युवा सम्मेलन में हुए शामिल
भदोही के कार्यक्रम के बाद आशुतोष सिन्हा जनपद मिर्जापुर पहुंचे। यहां उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ समाजवादी नेता कैलाश चौरसिया की ओर से आयोजित युवा सम्मेलन में उन्होंने प्रतिभाग किया। इस दौरान युवाओं के बीच उपस्थित होकर उनसे संवाद किया और उनके विचारों को सुना।

बोले- आपका स्नेह और विश्वास मेरी ताकत
आशुतोष सिन्हा ने भदोही और मिर्जापुर के लोगों से मिले सम्मान और समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दोनों जनपदों की जनता और समाजवादी साथियों से मिला स्नेह उनके लिए हमेशा यादगार रहेगा। उन्होंने अपने संदेश का समापन ‘जय समाजवाद, जय अखिलेश’ के नारे के साथ किया।