बांदा। केन नदी आरती स्थल पर आयोजित मां केन की भव्य महाआरती में समाजसेवी करीना मौसी किन्नर शामिल हुईं। उन्होंने विधि-विधान से मां केन की पूजा-अर्चना कर दीपदान किया और जनपद की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। इस दौरान घाट परिसर हर-हर गंगे और जय मां केन के जयकारों से गूंज उठा।

महाआरती के बाद करीना मौसी किन्नर ने जनपद में कथित झोलाछाप डॉक्टरों के बढ़ते नेटवर्क पर चिंता जताते हुए जिला प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि बिना डिग्री और वैध लाइसेंस के क्लीनिक संचालित करने वाले लोगों के कारण गरीब मरीजों की जिंदगी खतरे में पड़ रही है। गलत दवाओं और इंजेक्शन के जरिए मरीजों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।

करीना मौसी ने भावुक अपील करते हुए कहा कि गरीब मजदूर दिनभर मेहनत करके 200 रुपये कमाता है और इलाज के नाम पर 500 रुपये तक खर्च कर अपनी जान जोखिम में डालता है। यह बेहद चिंताजनक स्थिति है। प्रशासन को ऐसे अवैध क्लीनिकों की जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वह हमेशा जरूरतमंदों और गरीबों की आवाज बनकर समाजसेवा करती रहेंगी।

इस मौके पर विश्व हिंदू महासंघ गौ रक्षा समिति के जिलाध्यक्ष महेश कुमार प्रजापति ने भी झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ जिलेभर में विशेष अभियान चलाने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि गांव-गांव में गरीब जनता कथित झोलाछाप डॉक्टरों के चक्कर में अपनी जमा-पूंजी गंवा रही है। प्रशासन को निष्पक्ष जांच कर ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन इस मुद्दे को जनहित में हर मंच पर उठाएगा।

महाआरती के माध्यम से धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक बुराइयों के खिलाफ आवाज बुलंद करने का संकल्प भी लिया गया। कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं को महाप्रसाद वितरित किया गया।

इस अवसर पर प्रीति साहू जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष, महेश कुमार ढोहिया जिला मंत्री, विनय गुप्ता, विकी जिला प्रचार मंत्री, रजनीश प्रजापति, लोहा सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।