रामसनेहीघाट (बाराबंकी)। बाराबंकी-अयोध्या सीमा पर रविवार देर रात एक तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड्ड में पलट गई। हादसे में ट्रॉली पर सवार करीब डेढ़ दर्जन लोग दबकर घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही रामसनेहीघाट कोतवाली प्रभारी दयाशंकर द्विवेदी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से ट्रॉली के नीचे दबे और फंसे लोगों को बाहर निकलवाया। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए 108 एंबुलेंस बुलाई गई। इसके बाद सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामसनेहीघाट पहुंचाया गया। बाराबंकी और अयोध्या की पीआरवी टीमों ने भी मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया।
घायलों में राजकरण, तिलकराजी, करन, राजबाला, संतोष कुमारी, सतारा देवी, शिवांश, आशावती, शांति देवी, भगवती, चंदा देवी, दुर्गा प्रसाद और राजकुमारी शामिल हैं। सभी अयोध्या जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।

सीएचसी अधीक्षक डॉ. रमेश चंद्र ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए राजबाला, राजकुमारी और संतोष कुमारी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जबकि अन्य घायलों का सीएचसी में उपचार किया गया।
कोतवाली प्रभारी दयाशंकर द्विवेदी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।