बांदा। आपातकालीन परिस्थितियों में जान-माल की सुरक्षा और विभिन्न विभागों के बीच आपसी समन्वय परखने के लिए रविवार शाम मंडलीय जिला चिकित्सालय परिसर में सिविल डिफेंस एयर रेड/ब्लैक आउट मॉक एक्सरसाइज-2026 आयोजित की गई। जिलाधिकारी अमित आसेरी की उपस्थिति में हुई इस मॉक ड्रिल में हवाई हमले की चेतावनी से लेकर ब्लैक आउट, आग बुझाने और घायलों को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाने तक की प्रक्रिया का अभ्यास किया गया।
शासन के निर्देशों के अनुपालन में शाम छह बजे हवाई हमले की चेतावनी देने के लिए दो मिनट तक ऊंची-नीची आवाज में सायरन बजाया गया। सायरन बजते ही चिकित्सालय परिसर सहित निर्धारित क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति बंद कर दी गई और ब्लैक आउट किया गया। इस दौरान मरीजों, तीमारदारों, नागरिकों और अस्पताल कर्मचारियों ने सुरक्षित स्थानों पर शरण ली। खतरा समाप्त होने के बाद ऑल क्लियर का सायरन बजाया गया।
आग बुझाने और राहत-बचाव का हुआ अभ्यास

ऑल क्लियर सायरन के बाद नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों ने फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से छोटी आग बुझाने का प्रदर्शन किया। वहीं अग्निशमन विभाग ने फायर टेंडर के जरिए बड़ी आग पर काबू पाने का अभ्यास किया।
मॉक ड्रिल के दौरान घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया। ध्वस्त भवन में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने और गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाने का अभ्यास भी किया गया।
अलग-अलग विभागों ने संभाली जिम्मेदारी
अभ्यास के दौरान पुलिस विभाग ने शांति व्यवस्था, यातायात और भीड़ नियंत्रण की जिम्मेदारी संभाली। स्वास्थ्य विभाग ने एंबुलेंस, चिकित्सा शिविर और 108 सेवा को अलर्ट रखा। विद्युत विभाग ने ब्लैक आउट और बिजली आपूर्ति बहाली की प्रक्रिया का अभ्यास किया, जबकि नगर पालिका ने पेयजल और सफाई व्यवस्था तथा परिवहन विभाग ने आश्रय स्थलों तक वाहन उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी निभाई।

इसके अलावा होमगार्ड, एनसीसी, एनएसएस, पीआरडी, युवा कल्याण विभाग और आपदा मित्रों ने भी मॉक ड्रिल में सहयोग किया।
प्रशासन ने नागरिकों से की सतर्क रहने की अपील
मॉक ड्रिल का उद्देश्य हवाई हमले अथवा अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में नागरिकों और संबंधित विभागों की त्वरित कार्रवाई तथा आपसी समन्वय की क्षमता का परीक्षण करना रहा।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की कि वास्तविक आपात स्थिति में सायरन बजने पर घबराएं नहीं, अफवाहों पर ध्यान न दें और नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों तथा प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करें।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व कुमार धर्मेंद्र सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।